ASO kya hota hai: असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) किसी सरकारी विभाग या संस्थान में काम करने वाला एक प्रशासनिक पद है। आसान भाषा में कहें तो ASO का काम ऑफिस के रोजमर्रा के प्रशासनिक और फाइल से जुड़े कामों को संभालना होता है। यह पद केंद्र सरकार के कई विभागों और अलग-अलग सरकारी संस्थानों में देखने को मिलता है। अगर आप भी ASO बनने से जुड़ी जानकारी चाहते हैं तो इस समय प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) में नौकरी निकली है।
असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर का काम क्या होता है?
ASO के काम में सरकारी फाइलों और दस्तावेजों को संभालना, नोट तैयार करना, पत्र और रिपोर्ट तैयार करना, अलग-अलग विभागों के बीच जरूरी जानकारी पहुंचाना और अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार काम करना शामिल हो सकता है। इसके अलावा रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखना और किसी मामले से जुड़ी जरूरी जानकारी अधिकारियों के सामने रखना भी काम का हिस्सा होता है।
असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर बनने के लिए क्या करना होता है?
ASO बनने के लिए आमतौर पर उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी होता है। इसके बाद संबंधित भर्ती परीक्षा में शामिल होकर चयन प्रक्रिया पूरी करनी होती है। अलग-अलग विभागों में योग्यता, परीक्षा और चयन का तरीका अलग हो सकता है। कई भर्तियों में लिखित परीक्षा के साथ टाइपिंग, कंप्यूटर या अन्य स्किल टेस्ट भी लिया जा सकता है। इसलिए जिस विभाग में आवेदन करना चाहते हैं, उसकी भर्ती का ऑफिशियल नोटिफिकेशन अच्छे से देखें।
बता दें, इस समय प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) में इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन आया हुआ है। ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवा आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को भरा हुआ आवेदन फॉर्म तय पते पर भेजना होगा। इस भर्ती के लिए आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर 2026 तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार समय सीमा का ध्यान रखते हुए अपना फॉर्म भेज दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जापान का एजुकेशन सिस्टम भारत की शिक्षा व्यवस्था से कितना है अलग? खासियत जान हैरान हो जाएंगे
Press Council of India ASO Recruitment के लिए योग्यता
ASO पद के लिए किसी भी स्ट्रीम से ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, पोस्ट ग्रेजुएशन, लॉ की डिग्री, पत्रकारिता की डिग्री या हिंदी के अलावा किसी दूसरी भाषा का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवार की उम्र 20 से 30 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी।
कहां भेजना होगा आवेदन फॉर्म?
उम्मीदवार आवेदन फॉर्म प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म को सही तरीके से भरने के बाद जरूरी डॉक्यूमेंट और आवेदन फीस का डिमांड ड्राफ्ट साथ लगाना होगा।
पूरा आवेदन इस पते पर भेजना होगा:
अवर सचिव (प्रशासन),
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया, कमरा नंबर 346,
तीसरी मंजिल, सूचना भवन,
8 CGO कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड,
नई दिल्ली-110 003
कितनी है आवेदन फीस?
इस भर्ती के लिए सामान्य उम्मीदवारों को 100 रुपये की फीस जमा करनी होगी। फीस डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा करनी है। SC, ST, महिला, PwBD और पूर्व-कमर्चारी के लिए निशुल्क।
कैसे होगा ASO पद पर चयन?
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में Tier-I और Tier-II परीक्षा शामिल होगी। दोनों चरणों में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को ASO पद पर नियुक्ति दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
ASO पद पर चयनित उम्मीदवारों को प्री-रिवाइज्ड Pay Band-2 के अनुसार 9,300 से 34,800 रुपये के वेतनमान के साथ 4,200 रुपये का ग्रेड पे दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या राष्ट्रीय चीनी संस्थान में 10वीं पास नौकरी पा सकते हैं? जानें किन पदों पर कर सकते हैं अप्लाई
