इंदिरा गांधी ने देश के लिए 32 गोलियां खाईं, बांग्लादेश युद्ध को लेकर हुए समारोह में उनका जिक्र तक नहीं: राहुल गांधी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 16, 2021, 04:10 PM IST

उत्तराखंड में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मेरी दादी इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हुईं। बांग्लादेश युद्ध को लेकर हुए समारोह में उनका जिक्र तक नहीं किया गया।

इंदिरा गांधी ने देश के लिए 32 गोलियां खाईं, बांग्लादेश युद्ध को लेकर हुए समारोह में उनका जिक्र तक नहीं: राहुल गांधी

देहरादून : उत्तराखंड के देहरादून में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि मेरी दादी देश के लिए शहीद हुई, मेरे पिता देश के लिए शहीद हुए। मेरे परिवार ने देश के लिए खून बहाया। उन्होंने कहा कि उनकी कर्बानी को नजरअंदाज किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि बांग्लादेश युद्ध को लेकर आज दिल्ली में एक समारोह का आयोजन किया गया। उस समारोह में इंदिरा गांधी का कोई जिक्र नहीं था। जिस महिला ने इस देश के लिए 32 गोलियां खाईं, उसका नाम इंविटेशन में नहीं था क्योंकि यह सरकार सच से डरती है।

राहुल ने कहा कि जो कर्बानी उत्तराखंड के हजारों परिवार ने दी है। वही कुर्बानी मेरे परिवार ने दी है। जिन्होंने अपना खून दिया है। वो इस रिश्ते को अच्छी तरह समझेंगे। जो सेना में हैं, एयरफोर्स और नेवी में हैं। वो गहराई से समझते हैं। बेटा को खोना भाई को खोना, आप लोग जानते हो समझते हो। जिस परिवार ने ऐसी कुर्बानी नहीं दी, उसे समझ कभी नहीं आ सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हिंदुस्तान को सबसे ज्यादा खून दिया है। और देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में पाकिस्तान ने 13 दिनों के भीतर ही सिर झुका लिया था। आम तौर पर एक युद्ध 6 महीने, 1-2 साल तक लड़ा जाता है। अफगानिस्तान को हराने में अमेरिका को 20 साल लग गए लेकिन भारत ने पाकिस्तान को 13 दिनों में ही हरा दिया क्योंकि भारत एकजुट था और एक के रूप में खड़ा था।

उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि लोगों को कमजोर किया जा रहा है उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। कमजोर लोगों को मारा जा रहा है। पूरी की पूरी सरकार दो-तीन पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है। काले कानून किसानों की मदद के लिए नहीं उनको खत्म करने के लिए बनाए गए थे। 

End of Article