'राहुल बन सकते हैं प्रधानमंत्री, नीतीश के साथ फिर काम करना चाहेंगे'; रैपिड फायर राउंड में प्रशांत किशोर ने दिए मजेदार जवाब

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2021, 10:21 PM IST

Prashant Kishor: टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि वो नीतीश कुमार के साथ फिर से काम करना चाहेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

'राहुल बन सकते हैं प्रधानमंत्री, नीतीश के साथ फिर काम करना चाहेंगे'; रैपिड फायर राउंड में प्रशांत किशोर ने दिए मजेदार जवाब

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने खास बातचीत की है। उनसे कई मसलों पर सवाल किए गए। प्रशांत ने ममता बनर्जी के साथ अपनी ट्यूनिंग से लेकर कांग्रेस में शामिल होने की खबरों तक पर सीधा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बिना कांग्रेस के सशक्त विपक्ष की संभावना कम है, हालांकि सिर्फ दलों को इकट्ठा करके बीजेपी से जीत नहीं सकते। प्रशांत किशोर ने कहा कि मोदी को हराने के लिए 4 M की जरूरत है- मैसेज, मैसेंजर, मशीनरी और मैकेनिक। इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी के हिंदू वाले बयान पर कहा कि हिंदुत्व और हिंदुत्ववादी मुद्दा गैर जरूरी है। इस बयान से बीजेपी को फायदा मिलेगा।

इंटरव्यू के आखिरी में उनके साथ रैपिड फायर राउंड में कुछ सवाल किए गए, जिसके उन्होंने दिलचस्प और मजेदार जवाब दिए। उनसे सवाल किया गया कि देश में सबसे बेहतर नेता कौन है तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। जब उनसे पूछा गया कि वो किसके साथ फिर से काम करना चाहते हैं तो उन्होंने नीतीश कुमार का नाम लिया। क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हां, वो प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

प्रशांत किशोर से सवाल किया गया कि क्या कांग्रेस गांधी परिवार के बिना काम कर सकती है तो उन्होंने हां में जवाब दिया। एक सवाल के जवाब में पीके ने कहा कि बीजेपी 2017 के मुकाबले 2022 में उत्तर प्रदेश में ज्यादा सीट ला सकती है। 

प्रशांत किशोर के इंटरव्यू की बड़ी बातें 

  1. मेघायल में कांग्रेस तोड़ी नहीं गई खुद टूट गई 
  2. मैं सक्रिय राजनीति में नहीं, सिर्फ हमारी राय होती है
  3. टीएमसी से करार है, बंगाल से बाहर पार्टी बढ़ रही है 
  4. कांग्रेस बिना मजबूत विपक्ष की बात फिलहाल नहीं 
  5. मोदी के मुकाबले 4M बनाकर काम करना होगा  
  6. TMC में कौन आएगा ये ममता दीदी तय करती हैं 
  7. राहुल-प्रियंका से 2 साल से बात हो रही है, एंट्री पर बात नहीं 
  8. पंजाब में विधायक अमरिंदर के पक्ष में नहीं थे 
  9. सिद्धू कितने कारगर ये कहना जल्दबाजी 
  10. अमरिंदर जैसे हटाए गए वो तरीका गलत हो सकता है
End of Article