देश की 50 प्रतिशत पात्र आबादी का पूर्ण टीकाकरण, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- बधाई हो भारत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 5, 2021, 11:53 PM IST

Vaccination: देश में 50 प्रतिशत से अधिक पात्र वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। देश में 84.8 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।

देश की 50 प्रतिशत पात्र आबादी का पूर्ण टीकाकरण, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- बधाई हो भारत

Vaccination in India: देश की 50 प्रतिशत वयस्क आबादी पूरी तरह से टीकाकृत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर कहा कि बधाई हो भारत। यह बहुत गर्व का क्षण है क्योंकि 50 प्रतिशत से अधिक योग्य आबादी को अब पूरी तरह से टीकाकृत किया गया है। हम एक साथ कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई जीतेंगे।

वे राज्य जहां कि 50 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी को दोनों टीके लग चुके हैं, उनमें अंडमान निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली और दमन दीव, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, लद्दाख, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और त्रिपुरा शामिल हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश अपनी वयस्क आबादी को 100% दोनों डोज लगाने वाला पहला राज्य बन गया है।

भारत सरकार ने 31 दिसंबर तक 'हर घर दस्तक' कार्यक्रम के तहत 100 प्रतिशत वयस्क आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। पिछले हफ्ते स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य अधिकारियों ने 'हर घर दस्तक' अभियान के संबंध में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक की और 31 दिसंबर तक 100 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की पहली खुराक लगाने का लक्ष्य रखा। 

अब तक कोविड टीकाकरण के तहत 127.61  करोड़  से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। भारत का टीकाकरण अभियान 16 जनवरी, 2021 को शुरू किया गया था। प्रारंभ में टीकाकरण केवल स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों के लिए खोला गया था। 2 फरवरी से अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को टीकाकरण के लिए पात्र बनाया गया। टीकाकरण अभियान का विस्तार 1 मार्च से किया गया था, जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों और 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों (किसी बीमारी से पीड़ित) को शामिल किया गया था। 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए इसका विस्तार किया गया। 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को कोविड टीकाकरण के लिए पात्र बनाया गया। 

End of Article