Shinzo Abe : अपने खास दोस्त आबे पर हमले से बेहद दुखी हैं प्रधानमंत्री मोदी, ट्वीट कर कही ये बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 12:11 PM IST

PM Modi tweet on Shinzo Abe : जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने देश को संबोधित करते हुए आबे की हालत एवं हमलावर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम वो सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं।

Shinzo Abe : अपने खास दोस्त आबे पर हमले से बेहद दुखी हैं प्रधानमंत्री मोदी, ट्वीट कर कही ये बात
Photo Credit: PTI

PM Modi tweet on Shinzo Abe : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर जानलेवा हमले की घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'वह अपने दोस्त आबे पर हुए हमले से बेहद दुखी हैं। अपने मित्र आबे शिंजो पर हमले की खबर सुनकर मुझे काफी पीड़ा पहुंची है। हमारी प्रार्थना आबे, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।' आबे पर हमले की खबर सुनकर दुनिया स्तब्ध है। शिंजो आबे को एक मिलनसार एवं सौम्य व्यक्तित्व वाला नेता माना जाता है। देश और दुनिया में आबे के लिए प्रार्थनाएं हो रही हैं। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आबे पर हमले की खबर पाकर वह हैरान हैं। राहुल ने कहा कि भारत-जापान के रिश्तों को नई ऊंचाई देने में आबे की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जापान के पूर्व पीएम पर हमले की खबर पाकर वह काफी दुखी हैं। सिंधिया ने कहा कि उनकी प्रार्थना आबे के परिवार और उनके समर्थकों के साथ हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आबे भारत के सच्चे दोस्त रहे हैं। 

ह्वाइट हाउस ने जारी किया बयान  
व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के खिलाफ हिंसक हमले के बारे में सुनकर हम स्तब्ध और दुखी हैं। हम रिपोर्ट की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हमारे विचार उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं। 

ऐसे हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे-किशिदा
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने देश को संबोधित करते हुए आबे की हालत एवं हमलावर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम वो सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं। इस समय, डॉक्टर शिंजो आबे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। किशिदा के मुताबिक हमलावर ने बताया है कि वह शिंजो आबे की नीतियों से नाराज था। पीएम रहते हुए आबे ने जो फैसले लिए उससे वह खुश नहीं था। 

End of Article