Congress President Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक 2 नाम रेस में, जानें चुनाव का पूरा कार्यक्रम 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2022, 05:21 PM IST

Congress President Election 2022 Schedule, Date, Nomination, Candidates List, Result Date: कांग्रेस इस चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी करेगी। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है।

Congress President Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक 2 नाम रेस में, जानें चुनाव का पूरा कार्यक्रम 

Congress President Election 2022 Schedule, Date, Nomination, Candidates List, Result Date : कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस पद के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। संभावित उम्मीदवारों की रेस में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का नाम सबसे आगे है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में उम्मीदवारी के लिए कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। पार्टी अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक नामांकन यदि होता है तो कांग्रेस को मतदान से गुजरना होगा और विजेता की घोषणा करनी होगी। आसार मतदान के बन रहे हैं। 

17 अक्टूबर को होगा मतदान

कांग्रेस इस चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी करेगी। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव यदि होता है तो यह 22 साल बाद इस तरह का मुकाबला होगा। वर्ष 2000 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था जिसमें प्रसाद को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। 

1997 में भी हुआ था मुकाबला
इससे पहले, 1997 में सीताराम केसरी, शरद पवार और राजेश पायलट के बीच अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला हुआ था जिसमें केसरी जीते थे। अब इसी तरह की संभावना बन रही है। दरअसल, 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले राहुल गांधी ने अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया है। हालांकि, पार्टी के नेता अक्ष्यक्ष पद की कमान संभालने का उनसे अनुरोध कर रहे हैं लेकिन राहुल ने अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया है। ऐसे गांधी परिवार के करीबी अशोक गहलोत का नाम सबसे प्रबल उम्मीदवार के रूप में उभरा है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि गहलोत खुद राहुल को अध्यक्ष पद के लिए मनाने में जुटे हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव, 26 सितंबर को अशोक गहलोत का नामांकन !


सामने आ सकते हैं कुछ और नाम
कांग्रेस में नेताओं का एक बड़ा समूह है जो राहुल गांधी को अध्यक्ष के रूप में देखना चाहता है। प्रदेश की सात कमेटियों ने प्रस्ताव पारित कर राहुल की दोबारा ताजपोशी करने की मांग कर चुकी हैं। राहुल की चुनाव से दूरी पार्टी के अन्य नेताओं को इस पद के लिए नामांकन भरने का हौसला दे सकती है। कांग्रेस में खासकर जी-23 गुट में ऐसे नेता हैं जो अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन भर सकते हैं। थरूर भी जी-23 समूह में शामिल हैं। जी-23 समूह कांग्रेस के उन असंतुष्ट नेताओं का समूह है जो पत्र लिखकर पार्टी के कामकाज में बदलाव की मांग कर चुका है।

End of Article