देश

'मोदी सरकार की पकड़ कमजोर हुई, मौका नहीं चूकना', INDIA ब्लॉक की बैठक में राहुल गांधी का बड़ा संदेश: सूत्र

INDIA Bloc Meeting: इंडिया ब्लॉक की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्षी दलों के नेताओं के सामने आगे की रणनीति को लेकर कई अहम बातें कहीं।

Image

नई दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई

Photo : Times Now Digital

INDIA Bloc Meeting: इंडिया ब्लॉक की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्षी दलों के नेताओं के सामने आगे की रणनीति को लेकर कई अहम बातें कहीं। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता, चुनाव आयोग, ईवीएम और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा राजनीतिक रणनीति को लेकर अपनी बात रखी। सूत्रों के हवाले से राहुल के भाषण में पांच बड़ी बातें सामने आईं हैं।

'मोदी अब तक के सबसे कमजोर राजनीतिक दौर से गुजर रहे'

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक के सालों में सबसे कमजोर राजनीतिक दौर से गुजर रहे हैं। राहुल ने विपक्षी नेताओं से कहा कि इस मौके को चूकना नहीं चाहिए और सभी दलों को एकजुट होकर मोदी सरकार पर राजनीतिक हमला जारी रखना चाहिए।

'EC, ED, CBI के अधिकारी अंदर की दे रहे खबर'

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी सरकार की सत्ता पर पकड़ कमजोर हुई है। उन्होंने बैठक में कथित तौर पर कहा कि अब चुनाव आयोग के साथ-साथ ईडी और सीबीआई के कुछ अधिकारी भी उन्हें अंदर की जानकारी दे रहे हैं और कथित गड़बड़ियों की डिटेल साझा कर रहे हैं।

राहुल ने विपक्षी नेताओं से कहा कि वे भी मुख्यमंत्री रहे हैं और उन्हें भी अपने-अपने स्तर पर ऐसी जानकारियां मिलती होंगी। सूत्रों के मुताबिक, राहुल ने कहा कि इन जानकारियों को इकट्ठा किया जाए, आपस में साझा किया जाए और फिर मिलकर मोदी सरकार को घेरा जाए।

'राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट, राज्यों में संयम'

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा कि कुछ राज्यों में राजनीतिक मजबूरियों के कारण इंडिया ब्लॉक के दल मिलकर विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य स्तर पर अलग-अलग राजनीतिक परिस्थितियां हो सकती हैं। लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष को एकजुट होकर प्रदर्शन करना चाहिए। साथ ही राहुल ने सहयोगी दलों से राज्य स्तर पर ऐसी बयानबाजी से बचने की बात कही, जिससे आपसी मनमुटाव या टकराव बढ़े।

'पश्चिम बंगाल में EVM क्यों जलीं?'

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने ममता बनर्जी की ओर मुखातिब होकर कहा वोट चोरी और EVM में छेड़छाड़ के आरोपों का जिक्र किया। राहुल ने कथित तौर पर कहा कि वह इसका एक ताजा उदाहरण देना चाहते हैं और सवाल किया कि पश्चिम बंगाल में EVM आखिर क्यों जलीं? यह टिप्पणी INDIA ब्लॉक की बैठक में चुनावी प्रक्रिया और ईवीएम से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा के बीच सामने आई है।

'एकजुट रहेंगे तो सफल होंगे'

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं से कहा कि अगर सभी दल एकजुट रहेंगे और मिलकर लड़ेंगे तो निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी। राहुल ने कथित तौर पर कहा कि 15 साल बाद देश इस कमरे में बैठे हर व्यक्ति को 'Saviour of Democracy' यानी 'लोकतंत्र के रक्षक' के रूप में याद करेगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article