Bharat Jodo Yatra को सिविल सोसाइटी से जोड़ने की तैयारी में कांग्रेस, राहुल गांधी जल्द करेंगे बैठक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2022, 12:36 PM IST

Bharat Jodo Yatra: 23 अगस्त को कांग्रेस अपनी इस महत्वाकांक्षी यात्रा का लोगो जारी करेगी। इसको लेकर टैगलाइन और वेबसाइट भी जारी किए जाएंगे। इस दौरान भी राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं।

Bharat Jodo Yatra को सिविल सोसाइटी से जोड़ने की तैयारी में कांग्रेस, राहुल गांधी जल्द करेंगे बैठक
Photo Credit: BCCL

Bharat Jodo Yatra News: कांग्रेस पार्टी 7 सितंबर से 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाल रही है। इस पदयात्रा में राहुल और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगे। पार्टी ने सिविल सोसाइटी से इसमें शामिल होने की अपील की है। 22 अगस्त को सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों को दिल्ली बुलाया गया है। इस दौरान उन्हें यात्रा से जुड़े हर पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसमें बुद्धिजीवी, लेखक आदि लोग हिस्सा होंगे। सभी राहुल गांधी से भी मुलाकात करेंगे।

22 अगस्त को होने वाला यह कार्यक्रम दिल्ली के कंस्टीटूशन क्लब में आयोजित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों को इस यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे और उनसे चर्चा भी करेंगे। इसके बाद दोपहर में राहुल गांधी कंस्टीटूशन क्लब पहुंचेंगे और सभी का आभार व्यक्त करने के साथ ही सबसे जानकारी लेंगे और अपने विचार रखेंगे। 

गांधी मंडपम से होगी यात्रा की शुरुआत

कांग्रेस पार्टी सात सितंबर को कन्याकुमार से कश्मीर तक की 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत गांधी मंडपम से करेगी। यह पदयात्रा के रूप में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर निकालेगी। 3,500 किमी की दूरी तय करते हुए यह पदयात्रा लगभग 150 दिनों में संपन्न होगी। यात्रा में राहुल गांधी सहित कांग्रेस के नेतागण और कार्यकर्ता शामिल होंगे। राहुल गांधी खुद करीब 22 किलोमीटर की यात्रा हर दिन करेंगे। यात्रा केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र राज्य में लंबी चलने की उम्मीद है। वहीं इनके मुकाबले गुजरात और हिमाचल प्रदेश में यात्रा का हिस्सा कम होगा। यात्रा का कुछ हिस्सा नाव की मदद से भी पूरा किया जा सकता है। 

य़ात्रा के होंगे 7 रूट

भारत जोड़ो यात्रा के लिए 7 विभिन्न रुटों पर चर्चा हुई, लेकिन आखिर में सुरक्षा, भौगोलिक स्तिथि को देखते हुए रूट को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नवंबर महीने तक महराष्ट्र में यह यात्रा पहुंचने की उम्मीद है। शीतकालीन सत्र के दौरान जो सांसद इस यात्रा में शामिल होंगे वह सदन में मौजूद नहीं रह सकेंगे। साथ ही सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों के अलावा राजनितिक पार्टियों में डीएमके भी इसमें शामिल हो सकती है।

7 सितंबर से शुरू होगी पदयात्रा

कांग्रेस का कहना है, 'पार्टी ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए उन सभी से अपील कर चुकी हैं जो भय, कट्टरता और पूर्वाग्रह की राजनीति का विरोध करना चाहते हैं। साथ-साथ आजीविका विनाशक अर्थशास्त्र, बढ़ती बेरोजगारी और पैर पसारती असमानताओं की परिस्थितियों को बदलने का विकल्प प्रदान करने की इच्छा रखते हैं और इस राष्ट्रीय प्रयास का हिस्सा बनना चाहते हैं।' आपको बता दें कि उदयपुर के नव संकल्प चिंतन शिविर के दौरान कांग्रेस आलाकमान ने तय किया था कि दो अक्तूबर से भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू हो, लेकिन अब कांग्रेस इस यात्रा को 7 सितंबर से शुरू करेगी। इसका नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। 

End of Article