Rajya Sabha Election: झारखंड में कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट मिलने की उम्मीद, सीएम हेमंत सोरेन ने की सोनिया गांधी से मुलाकात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 29, 2022, 12:46 PM IST

Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों से बात करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में वो झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ बात कर रही है, जहां उसे उम्मीद है कि उसे एक सीट मिल जाएगी।

Rajya Sabha Election: झारखंड में कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट मिलने की उम्मीद, सीएम हेमंत सोरेन ने की सोनिया गांधी से मुलाकात
Photo Credit: ANI

Rajya Sabha Election: झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन से कांग्रेस को राज्यसभा सीट मिलने की संभावना है। सूत्रों ने रविवार के ये जानकारी दी। बीजेपी नेता महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी के राज्यसभा से रिटायर होने के बाद झारखंड से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो जाएंगी। राज्यसभा चुनाव में झामुमो के साथ गठबंधन पर झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन हम कह सकते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और हेमंत सोरेन के बीच सकारात्मक बातचीत हुई है।

झारखंड से एक व्यक्ति को राज्यसभा में जाना चाहिए- राजेश ठाकुर

उन्होंने कहा कि संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल के साथ भी चर्चा हुई और हम समझते हैं कि कांग्रेस के लिए आज सकारात्मक परिणाम आएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि झारखंड से एक व्यक्ति को राज्यसभा में जाना चाहिए, हम वही करेंगे जो हमारी अध्यक्ष सोनिया गांधी कहेंगी। लिस्ट आज आएगी और मैं कह सकता हूं कि कांग्रेस का उम्मीदवार होगा।

हेमंत सोरोन ने दिल्ली में की सोनिया गांधी से मुलाकात

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और राज्य और राज्यसभा चुनावों में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। मुलाकात के बाद सोरेन ने कहा कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और उन्हें राज्यसभा चुनाव के बारे में जानकारी दी। राज्य में राज्यसभा की दो सीटें हैं, हमने इस बारे में चर्चा की। मामले के बारे में सभी डिटेल कुछ समय में जारी की जाएगी।

वहीं सूत्रों ने कहा कि उन्होंने राज्य से राज्यसभा के लिए कांग्रेस की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। अंतिम निर्णय जल्द ही लिया जाएगा। 15 राज्यों के राज्यसभा सदस्यों के रिटायर होने के कारण खाली हो रही 57 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होगा। सदस्य 21 जून से 1 अगस्त के बीच अलग-अलग तारीखों पर रिटायर हो रहे हैं।

End of Article