कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा: 371 लोक सभा सीट और 9 राज्यों में चुनाव, राहुल गांधी 2024 के लिए हो पाएंगे रीलांच !

देश
प्रशांत श्रीवास्तव
Updated Sep 07, 2022 | 18:58 IST

Congress Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत यात्रा जिन 12 राज्यों से होकर गुजरेगी, उसमें कुल 371 लोकसभा सीटें शामिल हैं। और अगर 2019 की लोक सभा का प्रदर्शन देखा जाय तो उसे इन राज्यों में कुल 38 सीटों पर जीत मिली  थी।

CONGRESS BHARAT JODO YATRA
कांग्रेस के लिए गेमचेंजर साबित होगी भारत जोड़ो यात्रा !  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने लोक सभा चुनाव में केवल 52 सीटें जीती थीं।
  • भारत जोड़ो यात्रा जिन राज्यों से गुजरेगी उसमें से 6 राज्यों में पार्टी का खाता नहीं खुला था।
  • राहुल गांधी ने 2017 में अध्यक्ष बनते समय जिस युवा ब्रिगेड पर दांव लगाया था, वह करीब-करीब बिखर गई है।

Congress Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की अगुआई में कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर दी है। यात्रा की शुरूआत उस जगह से की गई, जहां पर पूर्व प्रधानमंत्री और राहुल गांधी के पिता राहुल गांधी ने लिट्टे के आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई थी। यात्रा की शुरूआत पर राहुल गांधी ने इस बात की याद भी दिलाई। 150 दिनों तक चलने वाली इस भारत जोड़ो यात्रा देश के 12 राज्यों से गुजरेगी। और श्रीनगर में जाकर खत्म होगी। 2019 के लोक सभा चुनाव के बाद राहुल की अगुआई में कांग्रेस पहली बार इतने बड़े पैमाने पर कोई अभियान चला रही है। ऐसे में 2024 के बिगुल के लिए राहुल गांधी के रीलांच की भी तैयारी है। 

केवल एक राज्य में सरकार, और अगले 2 साल में 9 राज्यों में चुनाव

कांग्रेस की भारत जोड़ो  यात्रा करीब 3570 किलोमीटर लंबी होगी। और इस दौरान वह 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। और यात्रा के रास्ते को देख जाएगा तो इस दौरान पड़ने वाले राज्यों में अभी केवल राजस्थान में ही कांग्रेस की सरकार है। जबकि तमिलनाडु में एआईएडीएमके के साथ वह गठबंधन में हैं। साल 2024 के लोक सभा चुनाव के पहले गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में चुनाव होंगे। यानी कांग्रेस इस यात्रा के जरिए 9 राज्यों को भी साध रही है। जिसमें 7 राज्यों में उसका सीधा मुकाबला भाजपा से होगा। जबकि आंध्र प्रदेश में उसका वाईएसआर कांग्रेस और तेलंगाना में तीसरा मोर्चा बनाने में लगे के.चंद्रशेखर राव की पार्टी टीआरएस से होगा। साफ है कि राहुल गांधी के लिए कम से कम इन राज्यों में लोक सभा चुनाव के पहले बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती रहेगी।

यात्रा के दौरान 371 लोकसभा क्षेत्र वाले राज्य, अभी केवल 38 सीटें

कांग्रेस की भारत यात्रा जिन 12 राज्यों से होकर गुजरेगी, उसमें कुल 371 लोकसभा सीटें शामिल हैं। और अगर 2019 की लोक सभा का प्रदर्शन देखा जाय तो उसे इन राज्यों में कुल 38 सीटों पर जीत मिली  थी। जिसमें केरल में उसे 15 सीट, पंजाब और तमिलनाडु में 8, तेलंगाना में 3, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और यूपी में 1 सीट मिली थी। जबकि गुजरात, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली,राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में पार्टी का खाता नहीं खुला था।

हालांकि पार्टी के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा के प्रस्तावित रास्ते के अलावा, हर एक राज्य में एक सहायक भारत जोड़ो यात्रा भी होगी। जहां-जहां से भारत जोड़ो यात्रा गुजर नहीं रही है, वहां भी भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन होगा, उसकी डिटेल तैयार की जा रही है। 

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर किचकिच तो बिखर गई राहुल ब्रिगेड

भले ही राहुल गांधी की अगुआई में कांग्रेस पार्टी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर दी है। लेकिन पार्टी में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर किचकिच जारी है। आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, शशि थरूर, पृथ्वीराज चाह्वाण जैसे नेता बार-बार चुनाव प्रक्रिया पर आशंका जता रहे हैं। और निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रहे हैं। वहीं अगर 2019 से तुलना की जाय, तो राहुल गांधी ने 2017 में अध्यक्ष बनते समय जिस युवा ब्रिगेड पर दांव लगाया था, वह करीब-करीब बिखर गई है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव भी होंगे। ऐसे में देखना है कि यात्रा मतदाताओं पर कैसा असर डालती है। और उसका पहला असर गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में दिखेगा।

युवा नेता साल किस पार्टी में शामिल हुए
जयवीर शेरगिल 2022 -
आर.पी.एन.सिंह 2022 भाजपा
इमरान मसूद 2022 सपा
हार्दिक पटेल 2022 भाजपा
जितिन प्रसाद 2021 भाजपा
सुष्मिता देव 2021 तृणमूल कांग्रेस
ज्योतिरादित्य सिंधिया 2020 भाजपा
प्रियंका चतुर्वेदी 2019 शिव सेना
एन.बीरेन सिंह 2017 भाजपा
हिमंत बिस्वा सरमा 2015 भाजपा
सतपाल महाराज 2014 भाजपा

Bharat Jodo Yatra' : पार्टी में नई जान फूंकने की कवायद, ऐसे समझें क्या है कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर