केंद्र सरकार ने निर्धारित की दिल्ली नगर निगम में 250 सीटें, तो अब जल्द होंगे MCD चुनाव!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2022, 06:44 AM IST

दिल्‍ली नगर निगम (MCD) में अधिकतम 250 सीटें होंगी। केंद्र सरकार ने शनिवार देर रात अधिसूचना जारी की। इसके अनुसार, एकीकृत नगर निगम की अधिकतम 250 सीटें होंगी।

केंद्र सरकार ने निर्धारित की दिल्ली नगर निगम में 250 सीटें, तो अब जल्द होंगे MCD चुनाव!

Municipal Corporation of Delhi: केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम (MCD) में सीटों की अधिकतम संख्या 250 निर्धारित कर दी है। 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सभी 3 नगर निगमों सहित एमसीडी में कुल सीटों की संख्या 272 थी। परिसीमन के बाद 22 सीटें कम होने से इनकी संख्या अब 250 रह जाएगी।  इससे पहले केंद्र ने तीनों नगर निगमों के एकीकरण का फैसला किया था। अब परिसीमन के बाद पहली बार नगर निगम के चुनाव होंगे। यह परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर किया गया है।

केंद्र की अधिसूचना

केंद्र सरकार द्वारा जारी राजपत्र में कहा गया है, 'दिल्ली नगर निगम (संशोधन)अधिनियम 2022 द्वारा यथा संशोधित, नगर निगम अधिनियम 1957 की धारा-3 की उप-धारा (5) के अनुसार केंद्र सरकार, एतद् द्वारा दिल्ली नगर निगम में सीटों की कुल संख्या दो सौ पचास अवधारित करती है। इसके अलावा, र्वोक्त अधिनियम की धारा-3 की उप धारा (6) (यथा संशोधित) के अनुसार केंद्र सरकार, अनुसूचित जातियों की जनसंख्या, दिल्ली की कुल जनसंख्या (जनगणना-2011) के साथ जिस प्रकार अनुपातित है, के अनुसार सीटों की कुल संख्या के अनुपात में दिल्ली नगर निगण में अनुसूचित जातियों के सदस्यों के लिए आरक्षित सीटों की कुल संख्या भी 42 अवधारित की जाती है।'

तो जल्द होंगे चुनाव!

इस परिसीमन पर बीजेपी ने कहा है कि इससे चुनाव का रास्ता प्रशस्त होगा। गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी औऱ आम आदमी पार्टी में काफी टकराव चल रहा है। आप और कांग्रेस दोनों ने बीजेपी पर चुनाव टालने का आरोप लगाया था। अब जब परिसीमन का काम पूरा होकर अधिसूचना जारी हो चुकी है तो ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि निगम के चुनावों को लेकर भी जल्द ही ऐलान हो सकता है।

End of Article