Bangladesh Violence: बांग्लादेश में मंदिरों में हुई तोड़फोड़ के खिलाफ आज 150 देशों में ISKCON का विरोध प्रदर्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 23, 2021, 08:52 AM IST

बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों में हुए हमलों के विरोध में ISKCON सोसायटी द्वारा आज दुनिया के लगभग 150 देशों के सभी इस्कॉन मंदिरों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में मंदिरों में हुई तोड़फोड़ के खिलाफ आज 150 देशों में ISKCON का विरोध प्रदर्शन
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली: बांग्लादेश में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और इस्कॉन मंदिर ( ISKCON Temple) पर भीड़ द्वारा हमले की हाल की घटनाओं के विरोध में आज इस्कॉन सोसायटी 150 देशों में प्रदर्शन करने जा रही है। भारत में विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाली इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) ने मंगलवार को कहा कि वह अपनी मुखरता को तेज करने के लिए 23 अक्टूबर को एक दिवसीय वैश्विक विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।

दुनियाभर में विरोध प्रदर्शन

इस्कॉन, कोलकाता के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने कहा ने बताया, 'दुनिया के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। अब, हम बांग्लादेश में पीड़ितों के लिए 23 अक्टूबर को एक दिवसीय विरोध और प्रार्थना सभा आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।' समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए दास ने आगे कहा, 'दुनिया भर में हमारे सभी केंद्रों पर, लगभग 150 देशों में विरोध प्रदर्शन और प्रार्थना होगी। न्यूयॉर्क, मॉस्को, रूस, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं. मुंबई, बैंगलोर में भी विरोध प्रदर्शन होगा।'

मंदिरों और पंडाल को बनाया था निशाना

आपको बता दें कि बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले सप्ताह ढाका से करीब 100 किलोमीटर दूर कोमिला में दुर्गा पूजा पंडाल में कथित ईशनिंदा की घटना को लेकर हिंसा भड़क उठी जिसके बाद कई प्रभावित इलाकों में अर्द्धसैन्य बल तैनात करने पड़े। कई हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ की खबर भी सामने आई थी। इस घटना के मुख्य आरोपी इकबाल हुसैन गुरुवार रात को कॉक्स बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर कोमिल्ला में एक दुर्गा पूजा पंडाल में कुरान की प्रति कथित तौर पर रखने का संदेह है।

देश में 13 अक्टूबर को उस समय हिंसा भड़क उठी थी जब इस्लाम की पवित्र किताब कुरान की एक प्रति कोमिल्ला में दुर्गा पूजा के दौरान हिंदू देवी के पैर में रखी मिली थी। इससे पहले 13 अक्टूबर को शहर के नानुआ दिघिर पार में पूजा स्थल पर ‘कुरान की प्रति रखने’ वाले व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर ली थी।

End of Article