Lal Krishna Advani: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत को लेकर इंद्रप्रस्थ के अपोलो अस्पताल ने हेल्थ अपडेट जारी किया है। अपोलो अस्पताल की ओर से बताया गया है कि लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण के साथ भर्ती कराया गया है। वह फिलहाल आईसीयू में हैं और वरिष्ठ सलाहकार न्यूरोलॉजी डॉक्टर विनीत सूरी की देखरेख में हैं। उनकी हालत स्थिर है और उन्हें कड़ी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
अपोलो अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपोलो अस्पताल जाकर भर्ती वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। आडवाणी को शुक्रवार की शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण और उम्र संबंधी स्वास्थ्य चुनौतियों के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा नेता को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पल्मोनरी विभाग में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
कौन हैं लालकृष्ण आडवाणी?
भारत रत्न आडवाणी का जन्म 8 नवम्बर 1927 में पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशन चंद और माता का नाम ज्ञानी देवी था और उनकी एक छोटी बहन भी हैं। आडवाणी ने फरवरी 1965 में कमला आडवाणी से विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं। कराची में जन्में आडवाणी भारत के विभाजन के बाद दिल्ली आ गए थे। छात्र जीवन की शुरुआत से ही आडवाणी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए। बाद में वह भारतीय जनसंघ और फिर भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हुए। आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च पर बवाल क्यों? ऐलान से हिरासत फिर दिपके की गिरफ्तारी तक, अब तक क्या-क्या हुआ
PM मोदी ने आडवाणी का लिया था आशीर्वाद
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य और केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
