देश

यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ी, कोर्ट ने जारी किया जमानती वारंट, आखिर क्या है BJP से जुड़ा मामला

दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला उनके 'बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2' वीडियो से जुड़ा है, जिसे लेकर शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन ने मानहानि का आरोप लगाया था। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को तय की है।

Image

ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले में साकेत कोर्ट का आदेश।

यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 के मानहानि मामले में जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन की ओर से दायर किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी के 'बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2' वीडियो को लेकर मानहानि की शिकायत की गई थी।

ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने यह आदेश समन की तामील कराने पहुंचे प्रोसेस सर्वर की रिपोर्ट के आधार पर दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि ध्रुव राठी के घर पर ताला लगा हुआ था। ध्रुव राठी की ओर से अधिवक्ता अदालत में पेश हुए। उन्होंने बताया कि राठी लंदन चले गए हैं, इस कारण वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो सकते। मामले में अगली सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है।

इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आए ध्रुव राठी को पुलिस हिरासत में लिया था। हालांकि, उन्हें बाद में छोड़ दिया गया था। इसके बाद वीडियो में उन्होंने अपनी हिरासत को 'किडनैपिंग' बताया है।

रिहाई के बाद ध्रुव राठी ने क्या कहा था?

वीडियो के शुरुआत में ध्रुव राठी ने कहा, "कैसे हो दोस्तों, आप सभी की विशेस के लिए आपने जो प्यार दिखाया पिछले 24 घंटों में उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। सबसे पहले एक चीज मैं क्लियर करना चाहूंगा, यह मेरा पासपोर्ट है, मैं एक इंडियन सिटीजन हूं, था और रहूंगा। तो यह जो अफवाह फैला रहे हैं गोदी मीडिया वाले और जस्टिफिकेशन दे रहे हैं मेरे डिटेंशन और अरेस्ट के पीछे कि फॉरेन पासपोर्ट होल्डर था, प्रोटेस्ट में पार्टिसिपेट नहीं कर सकता, यह सरासर झूठ है। मैं एक इंडियन सिटीजन हूं और मुझे उतने ही राइट्स हैं जितने एक आम नागरिक को होते हैं।" बता दें कि ध्रुव राठी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट एसआईआर के विरोध में सीजेपी द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल होने आए थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article