Agra : अब अशोक सिंघल के नाम से जाना जाएगा घटिया आजम खान रोड, महापौर बोले-बदलते रहेंगे नाम  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 20, 2021, 08:33 AM IST

Agra News : शहर के महापौर नवीन जैन ने नारियल फोड़कर और पट्टिका का लोकार्पण किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आगरा के महापौर ने कहा कि गुलामी की याद दिलाने वाले स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया का यह एक हिस्सा है।

Agra : अब अशोक सिंघल के नाम से जाना जाएगा घटिया आजम खान रोड, महापौर बोले-बदलते रहेंगे नाम  
Photo Credit: ANI

आगरा : शहर के घटिया आजम खान रोड अब अशोक सिंघल मार्ग के नाम से जाना जाएगा। रविवार को औपचारिक रूप से इस सड़क मार्ग का नाम बदलकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता अशोक सिंहल के नाम पर कर दिया गया। इस मौके पर शहर के महापौर नवीन जैन ने नारियल फोड़कर और पट्टिका का लोकार्पण किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आगरा के महापौर ने कहा कि गुलामी की याद दिलाने वाले स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया का यह एक हिस्सा है। यह आगे भी जारी रहेगा। 

जैन ने बताया कि विहिप के नेता अशोक सिंघल का जन्म इसी मार्ग पर स्थित एक घर में हुआ था। सिंघल को सम्मान देने के लिए घटिया आजम खान रोड का नाम बदला गया है। इससे पहले 26 नवंबर को आगरा के मुगल रोड का नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन मार्ग किया गया।  

घाटी बन गया 'घटिया'
दरअसल, घटिया और आजम खान दो अलग-अलग नाम हैं। यहां घटिया का मतलब बेकार से नहीं है। यह शब्द घाटी से निकला है। घाटी आजम खान इलाका शहर का निचले क्षेत्र में स्थित था। समय के गुजरने के साथ घाटी शब्द घटिया में तब्दील हो गया। आजम खान मुगल बादशाह अकबर के वजीर थे। घाटी में आजम खान रहे थे। उन्हीं के नाम पर इस मार्ग का नाम हुआ था।   

End of Article