देश

बेटे के फैसले से आहत, बहुत गलत चुनाव है- BJP में अनिल एंटनी के जाने पर छलका एके एंटनी का दर्द

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 6, 2023, 06:45 PM IST

Anil Antony: कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गए। अनिल एंटनी गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वी मुरलीधरन की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। इस अवसर पर केरल भाजपा प्रमुख के सुरेंद्रन, पार्टी के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ और अनिल बलूनी भी उपस्थित थे।

Image

कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने भाजपा का थामा दामन

Photo : PTI

Anil Antony: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा में शामिल होते ही अनिल एंटनी ने कांग्रेस पर हमला भी बोल दिया है। अब अनिल एंटनी को लेकर उनके पिता एके एंटनी की प्रतिक्रिया सामने आई है। बेटे के कांग्रेस छोड़, भाजपा में जाने से एके एंटनी खासे आहत दिखे।

बेटे का गलत फैसला

पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता एके एंटनी ने गुरुवार को अपने बेटे अनिल एंटनी के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह "बहुत गलत" फैसला है। अपने बेटे के भाजपा में शामिल होने के फैसले पर निराशा व्यक्त करते हुए एके एंटनी ने कहा कि इससे वो आहत हुए हैं।

भाजपा पर बोला हमला

कांग्रेस नेता एके एंटनी गांधी परिवार के काफी करीब माने जाते रहे हैं। सोनिया से लेकर राहुल गांधी तक के वो भरोसेमंद रहे हैं। बेटे के इस फैसले से एके एंटनी खासे नाराज भी दिखे और इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना भी साध दिया। एके एंटनी ने कहा- "अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। यह बहुत ही गलत फैसला है। भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। 2014 के बाद, मोदी सरकार सत्ता में आई, वे व्यवस्थित रूप से विविधता और धर्मनिरपेक्षता को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा केवल एकरूपता में विश्वास करती है, वे देश के संवैधानिक मूल्यों को नष्ट कर रही है।"

कांग्रेस पर क्या बोले एके

आगे एके एंटनी ने यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी वफादारी "गांधी परिवार" के साथ रहेगी। उन्होंने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा- "मेरी वफादारी हमेशा नेहरू-गांधी परिवार के साथ रहेगी। मैं अपनी अंतिम सांस तक कांग्रेस कार्यकर्ता रहूंगा।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article