देश

UP News: भ्रष्टाचार के खिलाफ 4 महीने से धरना देते हुए एक बुजुर्ग की मौत, मथुरा का है मामला

Protesting against Corruption: सरकारी विभागों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार को लेकर यूपी के मथुरा में एक बुजुर्ग शख्स पिछले 4 महीने से धरने पर बैठा था, उसकी मौत हो गई है।

Image

भ्रष्टाचार के खिलाफ 4 महीने से धरना देते हुए एक बुजुर्ग की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Protesting against Corruption: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सरकारी विभागों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने घर के पास एक मंदिर में पिछले चार महीने से धरने पर बैठे एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। माट तहसील के उप जिलाधिकारी आदेश कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि पिछले चार महीने से अपने घर के पास स्थित एक मंदिर में धरने पर बैठे शंकरगढ़ी गांव निवासी 66 साल के देवकीनंदन शर्मा की विगत 11 जून की शाम को तबीयत अचानक बिगड़ गई।

कुमार ने बताया कि उन्हें पास के ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन हालत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन के मुताबिक देवकीनंदन पंचायती राज तथा अन्य सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में पिछले चार महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।

'साथी ग्रामीणों से परामर्श करने के बाद उन्होंने अपना निर्णय बदल दिया'

उप जिलाधिकारी आदेश कुमार ने बताया कि तहसील कर्मचारियों को 66 साल के देवकीनंदन शर्मा को धरना समाप्त करने के लिए मनाने के मकसद से कई बार भेजा गया लेकिन वह नहीं माने।'उन्होंने कहा, 'मेरे बार-बार अनुरोध पर पहले, 10 जून को वह अपना धरना समाप्त करने के लिए सहमत हुए मगर साथी ग्रामीणों से परामर्श करने के बाद उन्होंने अपना निर्णय बदल दिया।'

उनके घर पर कानूनी कार्रवाई के लिए एक वैकल्पिक नोटिस चिपका दिया गया था

अधिकारियों के मुताबिक जब शर्मा को मनाने के प्रयास 10 जून को विफल हो गए, तो उनके घर पर कानूनी कार्रवाई के लिए एक वैकल्पिक नोटिस चिपका दिया गया था।हालांकि, मृतक देवकीनंदन के भाई ब्रजेंद्र ने आरोप लगाया कि पंचायत सहित सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे उनके भाई का अनशन समाप्त कराने के लिए तहसील प्रशासन ने कोई प्रयास नहीं किया।

वह केवल पानी या कुछ ग्लूकोज मिश्रित पानी ले रहे थे

उन्होंने कहा कि उनके भाई पिछले चार महीने से अपने घर के सामने एक मंदिर में उपवास पर थे। वह केवल पानी या कुछ ग्लूकोज मिश्रित पानी ले रहे थे।जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए मृतक के बारे में विस्तृत जानकारी ली जा रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article