नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जोर देकर कहा कि मार्च 2026 तक पूरी तरह से देश से नक्सली हिंसा खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहले ही कई राज्यों में अपने अंतिम चरण में है
राजधानी दिल्ली में पुलिस स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह यह दावा किया। उन्होंने एक ऐसी मजबूत सुरक्षा प्रणाली विकसित करने के केंद्र के संकल्प पर भी प्रकाश डाला कि एक भी घुसपैठिया सीमा पार नहीं कर सके। शाह ने बयान में जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लेकर पिछले 12 साल देश की आंतरिक सुरक्षा के इतिहास में एक 'स्वर्ण युग' रहे हैं।
जम्मू और कश्मीर में उग्रवाद,वामपंथी उग्रवाद और पूर्वोत्तर में हिंसा सब अपने आखिरी चरण में
उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश को तीन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था,जिनमें जम्मू और कश्मीर में उग्रवाद,वामपंथी उग्रवाद और पूर्वोत्तर में हिंसा शामिल थी। शाह ने कहा कि 11 राज्यों में फैला नक्सलवाद हमेशा से देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है। अब हम नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म करने के बहुत करीब हैं और हम निश्चित रूप से 31 मार्च,2026 तक पूरे देश को नक्सली हिंसा से मुक्त करने में सफल होंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में भी 10,000 से अधिक युवाओं ने हथियार डाल दिए हैं और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। 12 से अधिक शांति समझौतों के माध्यम से केंद्र ने शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण काम किया है।
सुरक्षा व्यवस्था में डिजिटलीकरण पर भी जोर
इस दौरान शाह ने देश की सुरक्षा व्यवस्था में डिजिटलीकरण पर भी जोर दिया। भविष्य का रोडमैप बताते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गृह मंत्रालय (MHA)देश भर में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाकर एक नई सुरक्षा प्रणाली स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय का पूरा ध्यान देश की हर भूमि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का आधुनिकीकरण करने, देश को घुसपैठियों से मुक्त करने और तीनों नए न्याय संहिता (आपराधिक कानूनों) को पूरी तरह से लागू करने पर रहेगा।
दिल्ली पुलिस की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी
शाह ने दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में 'उत्कृष्टता और सफलता'के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए पुलिस की सराहना की और शहर की सुरक्षा के लिए उच्चतम वैश्विक मानकों को पूरा करने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान शाह ने दिल्ली पुलिस की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी,जिनमें स्पेशल सेल का एकीकृत मुख्यालय भी शामिल है। उन्होंने सेफ सिटी प्रोजेक्ट के पहले चरण का भी उद्घाटन किया,जिसमें 21,000 सीसीटीवी कैमरों वाला एक आधुनिक कमांड कंट्रोल सेंटर शामिल है, जिनमें से 10,000 कैमरे शुरुआती चरण में चालू हो गए। शाह ने आगे कहा कि सेफ सिटी प्रोजेक्ट आने वाले दिनों में दिल्ली की सुरक्षा को काफी हद तक बढ़ाएगा।
