देश

राष्ट्रपति मुर्मू से मिले गृह मंत्री शाह, मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकल हुई तेज

संभावित मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल में केरल से भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था। वह अल्पसंख्यक तथा मत्स्य, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री थे।

Image

राष्ट्रपति मुर्मू से मिले गृह मंत्री शाह।

Photo : PTI

Amit Shah meets President Murmu : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच हुई है। राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया मंच X पर बैठक की तस्वीर साझा करते हुए कहा, 'केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।' इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की थी।

पिछले दिनों कुरियन ने दिया इस्तीफा

इन बैठकों को संभावित मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल में केरल से भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था। वह अल्पसंख्यक तथा मत्स्य, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री थे। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए पुनः उम्मीदवार नहीं बनाया और उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया।

मंत्रिमंडल में हो सकता है फेरबदल

इसके अलावा, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह का भी राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें उच्च सदन के लिए दोबारा नामित नहीं किया गया है। वह खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का दायित्व भी संभाल रहे हैं। वह अगस्त 2024 में राजस्थान से उच्च सदन के लिए चुने गए थे। कुछ केंद्रीय मंत्रियों को उनके गृह राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं को और बल मिला है।

मोदी 3.0 में अब तक मंत्रिपरिषद में बदलाव नहीं

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, सरकार की फिलहाल मुख्य प्राथमिकता संसद का मॉनसून सत्र है। मोदी सरकार 3.0 में अब तक कोई कैबिनेट फेरबदल या विस्तार नहीं हुआ है। अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को देखते हुए माना जा रहा है कि कुछ मंत्रियों को संगठन में भेजा जा सकता है और कुछ नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article