देश

पायलट जी, आपका नंबर नहीं आएगा- राजस्थान में कांग्रेस की कलह पर अमित शाह ने ली चुटकी, कहा- BJP की आएगी सरकार

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 16, 2023, 02:14 AM IST

राजस्थान में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। अमित शाह इसी की तैयारी के सिलसिले में शनिवार को राजस्थान के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। साथ ही पायलट-गहलोत विवाद पर भी जमकर चुटकी ली। यहां चुनाव में सीधे बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला है।

Image

राजस्थान में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • राजस्थान दौरे पर शनिवार को पहुंचे थे अमित शाह
  • भरतपुर में एक कार्यक्रम में हुए शामिल
  • कांग्रेस पर शाह ने बोला जमकर हमला

गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) शनिवार को राजस्थान के दौरे पर थे। यहां उन्होंने बूथ अध्यक्ष के संकल्प महासम्मेलन में भाग लिया और इस कार्यक्रम को संबोधित भी किया। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच सीएम की कुर्सी के लिए जारी खींचतान पर शाह ने चुटकी लेते हुए कहा कि ये बेकार लड़ रहे हैं, क्योंकि अगली बार बीजेपी की सरकार बनेगी।

क्या बोले अमित शाह

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने पायलट और गहलोत की लड़ाई पर तंज कसते हुए कहा कि सचिन पायलट कुछ भी कर लें, उनका नंबर नहीं आएगा। क्योंकि कांग्रेस का खजाना भरने में अशोक गहलोत का योगदान ज्यादा है। शाह ने कहा- "पायलट जी, आपका नंबर नहीं आएगा... जमीन पर आपका कंट्रीब्यूशन ज्यादा हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के खजाने में गहलोत जी का कंट्रीब्यूशन आपसे ज्यादा है। यहां राजस्थान में... दोनों लोग सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। गहलोत जी कह रहे हैं कि मैं उतरना नहीं चाहता और पायलट जी कह रहे हैं कि मैं बनना चाहता हूं। ये खामखां झगड़ रहे हैं, क्योंकि सरकार तो भाजपा की बननी है।"

गहलोत पर निशाना

अमित शाह ने इस दौरान राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- ठगहलोत सरकार ने वंशवाद का विकास किया है, जातिवाद का विकास किया है और इसके साथ तुष्टिकरण की पराकाष्ठा कर हिंसा का नंगा नाच करने का काम किया है। राजस्थान की जनता आज त्राहि-त्राहि कर रही है।"

मोदी सरकार की तारीफ

कांग्रेस पर हमला बोलने के साथ-साथ अमित शाह ने मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का जमकर विकास हो रहा है। अमित शाह ने कहा- "मोदी जी ने भारत को कोरोना से सुरक्षित करने का काम किया, हर घर में शौचालय पहुंचाया, 80 करोड़ लोगों को 5 किलो अनाज दिया जा रहा है, 7 करोड़ से अधिक लोगों को बैंक अकाउंट खुलवाने का काम मोदी जी ने किया है। मोदी जी ने जिस तरह से भाजपा के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति की है... भारत को सुरक्षित बनाया है, गरीब कल्याण के सूत्र को चरितार्थ किया है। उसी का परिणाम है कि चुनाव कहीं भी हो... विजय भारतीय जनता पार्टी की ही होगी।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article