Abhijit Dipke: दिल्ली में प्रदर्शन शामिल होने आए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अध्यक्ष अभिजीत, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एयरपोर्ट से अपनी हिरासत में ले लिया। प्लेन की लैंडिंग के बाद दिल्ली पुलिस के जवान जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, विमान के अंदर पहुंचे और तीनों नेताओं को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गए। पुलिसकर्मियों के विमान में दाखिल होने के बाद और CJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने से पहले विमान में यात्रियों ने इन पर टीका-टिप्पणी भी की।
दिपके बोले-हम यहां गिरफ्तारी देने आए हैं
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित अपने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिपके, रांका और दास मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद यात्री विमान में बैठे रहे, तभी महिला पुलिसकर्मियों के साथ दिल्ली पुलिस वहां पहुंची। सीजेपी की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में दीपके को विमान के अंदर आए पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'हम यहां गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।’
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं
हिरासत में लिए जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने कॉजपा नेताओं से कहा कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। दिपके ने कहा कि कॉजपा नेताओं को ऐसे हिरासत में लिया जा रहा है, जैसे कि वे अपराधी हों। पार्टी ने एक बयान जारी कर कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उसने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पूर्व नियोजित कोशिश का हिस्सा है। सीजेपी ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।
कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज 'फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।
(डिस्क्लेमर: टाइम्स नाउ नवभारत इस वीडियो की प्रामाणिकता एवं सत्यता की जांच नहीं की है, और वह इस वीडियो की जिम्मेदारी नहीं लेता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ है।)
