देश

तीन दिन के बंगाल दौरे पर गृह मंत्री शाह, बॉर्डर सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में होंगे शामिल

अमित शाह के दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे आमतौर पर 'चिकन नेक’ कहा जाता है, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है और नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के निकट स्थित है।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

Photo : PTI

Amit Shah Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार शाम पश्चिम बंगाल की तीन दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे। इस दौरान वह सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाह का चेन्नई से बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री सिलीगुड़ी स्थित एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय जायेंगे, जहां वह सीमा सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे और एसएसबी के जवानों के साथ बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि वह सिलीगुड़ी में समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, जिनमें एक बैठक सीमा सुरक्षा से संबंधित होगी।

सिलीगुड़ी में कार्यक्रम में होंगे शामिल

शाह के दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे आमतौर पर 'चिकन नेक’ कहा जाता है, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है और नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के निकट स्थित है। इसके बाद शाह सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में 'भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी से जुड़े एक कार्यक्रम और बैठक में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के बाद शाह सुकना लौटेंगे।

सीमा सुरक्षा की समीक्षा बैठक करेंगे

गृह मंत्री के 22 अगस्त को सीमा सुरक्षा की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने की भी उम्मीद है, जिसमें बीएसएफ, एसएसबी, खुफिया एजेंसियों और राज्य के अधिकारियों के बीच समन्वय की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान बीएसएफ और एसएसबी दोनों सुरक्षा बलों के प्रमुख और राज्य पुलिस के अधिकारी सिलीगुड़ी में मौजूद रहेंगे। यह दौरा शाह के पिछले सिलीगुड़ी दौरे के एक महीने से कुछ अधिक समय बाद हो रहा है, जिसमें उन्होंने उत्तर बंगाल में सीमा सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों को लागू करने और अन्य प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा की थी।

सिलीगुड़ी पहुंचे पुलिस के शीर्ष अधिकारी

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि गृह मंत्री का बंगाल का मौजूदा दौरा 'सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के उन कदमों का हिस्सा है, जिनका ऐलान आने वाले दिनों में किया जाएगा’। शाह के दौरे से पहले पुलिस प्रमुख सिद्धार्थ नाथ गुप्ता समेत राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सिलीगुड़ी पहुंच चुके हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article