TMC win in Bar Council Election: बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी हार के बाद बगावत एवं टूट का सामना करने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को थोड़ी राहत मिली है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली इस पार्टी ने पश्चिम बंगाल बार काउंसिल में अपना दबदबा कायम रखा है। बार काउंसिल के चुनाव में टीएमसी ने 23 में से 15 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) केवल तीन सीट जीत पाई। ये नतीजे विधानसभा चुनाव के विपरीत हैं और संकेत देते हैं कि कानूनी क्षेत्र में टीएमसी का प्रभाव कम नहीं हुआ है।
तीन सीटों पर लेफ्ट, दो पर कांग्रेस जीती
इस चुनाव में लेफ्ट फ्रंट ने भी तीन सीटों पर और कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में पांच सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं जिनमें से टीएमसी ने चार और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी की कथित अनुशंसा पर टीएमसी के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था और उन्होंने जीत दर्ज की।
चुनाव में कुल 75 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत, बार काउंसिल ऑफ इंडिया महिला उम्मीदवारों में से दो अतिरिक्त महिला सदस्यों को नामित करेगी। इन नामांकनों के बाद पश्चिम बंगाल बार काउंसिल की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी। चुनाव में कुल 75 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। टीएमसी ने 23 उम्मीदवार उतारे थे, जबकि बीजेपी के 22, लेफ्ट फ्रंट के 12 और 18 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में थे। बीजेपी ने अपनी पिछली तीन सीटों की संख्या बरकरार रखी, जबकि कांग्रेस भी अपनी दो सीटें बचाने में सफल रही। हालांकि, लेफ्ट फ्रंट का प्रतिनिधित्व पिछले चुनाव की चार सीटों से घटकर इस बार तीन सीटों पर आ गया।
टीएमसी खेमे में जश्न का माहौल
नतीजों के बाद टीएमसी खेमे में जश्न का माहौल है। तृणमूल लॉयर्स सेल के सुभाषिस चक्रवर्ती सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करने वाले उम्मीदवार रहे। टीएमसी के अन्य प्रमुख विजेताओं में बैसनगर चटर्जी, अंसार मंडल, अशोक देब, इंद्रनील बसु और सिद्धार्थ मुखर्जी शामिल हैं। टीएमसी की लॉयर्स सेल के सदस्य संजय बर्धन ने बताया कि चुनाव जिला अदालतों में कराया गया, जिसमें प्रैक्टिस करने वाले वकीलों ने मतदान किया। बर्धन ने कहा, 'स्टेट बार काउंसिल का गठन पिछले मार्च में सभी जिला अदालतों के प्रैक्टिसिंग वकीलों के वोटों से हुआ था। नए नियमों के तहत 23 में से पांच सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। तृणमूल ने इनमें से चार महिला सीटों पर जीत हासिल की है।'
पश्चिम बंगाल बार काउंसिल के चुनाव के लिए मतदान विधानसभा चुनावों से कुछ ही दिन पहले 9 मार्च को शुरू हुआ था।
