देश

Amarnath Yatra 2026: जमीन से आसमान तक 360 डिग्री निगरानी, जानिए क्या है अनंतनाग पुलिस का 'प्रोजेक्ट हॉक आई'

Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए अनंतनाग पुलिस ने 'प्रोजेक्ट हॉक आई' लॉन्च किया है। इसके तहत पहली बार यात्रा मार्ग पर स्नाइपर टीमों और आधुनिक ड्रोनों को तैनात किया गया है।

Image

प्रोजेक्ट हॉक आई

Photo : Times Now Digital

Amarnath Yatra 2026: वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा शुरू होने में अब महज एक हफ्ते का समय बचा हुआ है। ऐसे में दक्षिण कश्मीर के यात्रा मार्ग की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही अनंतनाग पुलिस ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए एक बेहद आधुनिक और व्यापक अभियान 'प्रोजेक्ट हॉक आई' (Project Hawk Eye) शुरू किया है। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में अत्याधुनिक तकनीक और मानव श्रम का ऐसा बेजोड़ तालमेल किया गया है, जिससे जमीन से लेकर आसमान तक हर हरकत पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा सके।

'प्रोजेक्ट हॉक आई' के तहत पहली बार यात्रा मार्ग पर अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम देखने को मिल रहे हैं। हवाई निगरानी के लिए प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर 5 ड्रोन दस्ते तैनात किए जा रहे हैं। ये ड्रोन जमीन पर मौजूद कंट्रोल रूम को तुरंत फुटेज भेजेंगे, जिससे किसी भी उभरती स्थिति का तुरंत आकलन कर जमीनी टीमें फौरन कदम उठा सकेंगी।

पहली बार 22 विशेष रूप से प्रशिक्षित स्नाइपर टीम होगी तैनात

जमीन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर 28 'मचान मोर्चे' यानी ऊंचे अवलोकन पोस्ट बनाए गए हैं, जो इलाके में दबदबा बनाए रखने में मदद करेंगे। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए इतिहास में पहली बार 22 विशेष रूप से प्रशिक्षित स्नाइपर टीमों को तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसके अलावा, तकनीक का दायरा बढ़ाते हुए पूरी यात्रा के दौरान 416 हाई-रिजोल्यूशन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाया गया हैं।

फेशियल रिकग्निशन सिस्टम

इन कैमरों को 'फेशियल रिकग्निशन सिस्टम' (चेहरा पहचानने वाली तकनीक) से जोड़ा गया है, ताकि भीड़-भाड़ वाले रास्तों में भी किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की पहचान तुरंत की जा सके। अनंतनाग पुलिस ने इस प्रोजेक्ट के जरिए आसमान और जमीन पर अपनी नजरें इस तरह जमा दी हैं कि परिंदा भी पर न मार सके। पुलिस प्रशासन ने जनता और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस पोस्ट को दें।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article