देश

राहुल का साथ नहीं छोड़ने वाले अखिलेश यादव, कांग्रेस के साथ जारी रहेगा समाजवादी पार्टी का गठबंधन; कही यह बात

SP-Congress Alliance: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बावजूद उनकी पार्टी के कांग्रेस के साथ संबंध जारी रहेंगे। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर, सपा नेता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि सपा भाजपा को हराने के लिए एआई का उपयोग करेगी।

Image

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (फोटो साभार: @yadavakhilesh)

Photo : Twitter

SP-Congress Alliance: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बावजूद उनकी पार्टी के कांग्रेस के साथ संबंध जारी रहेंगे और सभी गठबंधन सहयोगियों को एक साथ लाने के प्रयास किए जाएंगे।सपा प्रमुख ने यहां एक प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ‘मैंपिंग ऐप’ के माध्यम से वोट हटाना चाहती है।

अखिलेश यादव ने क्या कुछ कहा?

अखिलेश यादव ने यह आरोप भी लगाया कि ‘मैंपिंग ऐप’ उस कंपनी द्वारा विकसित किया गया था जिसने चुनावी बॉण्ड के माध्यम से भाजपा को चंदा दिया था। सपा प्रमुख ने स्वीकार किया कि बिहार का अनुभव उतना अच्छा नहीं रहा जितना होना चाहिए था। यादव ने कहा, ‘‘हम इंडिया गठबंधन चलाते रहेंगे और इंडिया गठबंधन के साझेदारों को एकजुट करने के प्रयास करेंगे।’’ उनकी यह टिप्पणी इस मायने में अहम है कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन में ‘दरारें’ उभर आई हैं और यह जल्द ही बिखर जाएगा।

BJP पर बरसे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव के अनुसार, ‘मैंपिंग ऐप’ में अपलोड किए जा रहे चुनावी आंकड़ों और उपलब्ध जानकारी में विसंगति है, जिससे उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का खतरा है। उन्होंने कहा कि सपा ने संसद में भी यह मुद्दा उठाया। सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा बड़ी चालाक पार्टी है... एक कंपनी ने उसे चुनावी बॉण्ड के जरिए चंदा दिया। लगता है कि ऐप भी उसी कंपनी ने बनाया है। ऐप बनाने वालों को पता होना चाहिए कि डेटा कहां जा रहा है।”

चुनावी तैयारियों पर क्या कुछ बोले सपा प्रमुख

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा जहां भी हारती है, वहां वोटों को हटाने का सहारा लेती है। यादव ‘विजन इंडिया: एआई समिट’ में भाग लेने के लिए हैदराबाद आए हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर, सपा नेता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि सपा भाजपा को हराने के लिए एआई का उपयोग करेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article