ग्वालियर: शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र में एक नर्सिंग छात्रा पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना तोमर कॉलोनी, गुड़ा इलाके की बताई जा रही है। हमले में छात्रा के गले पर चोट लगी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार की है। छात्रा का आरोप है कि विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। खुद को बचाने के लिए पीछे हटने के दौरान चाकू उसके गले को छूता हुआ निकल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
छात्रा ने धर्म परिवर्तन के दबाव का लगाया आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में अदनान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था। इसके अलावा, उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी। पीड़िता के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में छात्रा के गले में गहरा घाव हो गया था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
माधौगंज थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर अदनान खान, सोफी खान और सरफराज खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अदनान खान और सरफराज खान को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़िता के बयान और शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस घटना के पीछे के विवाद, हमले में इस्तेमाल किए गए चाकू, आरोपियों की भूमिका और पीड़िता की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
