क्राइस्टचर्च: भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैच की टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन शनिवार को दूसरे मुकाबले में भी जारी रहा। जीत के लिए 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 112 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे ऐसे में हैदराबादी ब्वॉयज तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी की जोड़ी ने सातवें विकेट के लिए 30 गेंद में 69 रन की नाबाद साझेदारी करके कीवी टीम के जबड़े से जीत छीन ली। इस साझेदारी में तिलक ने 41 (17) और नीतीश ने 26 (13) रन का योगदान दिया। उपकप्तान तिलक वर्मा ने अय्यर के आउट होने के बाद मोर्चा संभाला और टीम को एक गेंद और 4 विकेट शेष रहते रोमांचक जीत दिलाकर पवेलियन वापस लौटे।
पूरे देश को है तुमपर भरोसा
मैच के बाद तिलक वर्मा ने बताया कि कोच गौतम गंभीर और सितांशु कोटक के साथ आज हुई बातचीत ने उनका नजरिया बदल दिया। तिलक जब मुश्किल वक्त में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे तब उनके मन में क्या सवाल आ रहे थे इसके जवाब में उन्होंने कहा, मैं केवल अंत तक खेलने के बारे में सोच रहा था। आज मैं गौतम और सितांशु सर से बात कर रहा था तब उन्होंने मुझसे कहा, जब पूरा देश तुमपर भरोसा करता है कि तुम अंत तक बल्लेबाजी करोगे तो हम जीत सकते हैं। इस भरोसे पर मैं खरा उतरा और मुझे इस बात की बेहद खुशी है। मैं नमन से भी आखिर तक रुके रहने की बात कह रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पावरप्ले के सिक्सर किंग बने अभिषेक शर्मा, सस्ते में आउट होकर बना दिया खास रिकॉर्ड
नमन को स्पिनर्स के खिलाफ आक्रमण करने को कहा
पिच के मिजाज के बारे में तिलक ने कहा, पिच धीमी थी। जब स्पिनर गेंदबाजी कर रहे थे तब मैंने नमन से आक्रामक होने के लिए कहा था। नमन मिचेल सेंटनर के आखिरी ओवर में ओवर में आउट हो गए नहीं तो हम 18वें ओवर में ही मैच जीत जाते। इसके बाद हैदराबादी ब्वॉयज ने मोर्चा संभाला और जीत दिलाने में सफल रहे। मुझे खुशी है कि मैं और नीतीश मैच खत्म करने में सफल रहे।
क्यों किया तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रमण के लिए इंतजार
आक्रमण के लिए तेज गेंदबाजी का इंतजार करने के बारे में तिलक ने कहा, हमारी ऐसी ही योजना थी। स्पिनर्स के खिलाफ हमने 4-5 डबल ले लिए थे। ये बेहद अहम था। मैदान बड़ा था और हमें गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने के लिए पेस की जरूरत थी और हम अंत में मैच खत्म करने में सफल रहे।
