Jordan Shooting: भारत ने जॉर्डन के कराक शहर में एक चर्च पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में सात निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने चर्च पर हुए हमले को जघन्य करार देते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, हमले में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, ''भारत ने इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन की सरकार और वहां की मित्रवत जनता के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कही।'' इसके अलावा, भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लड़ाई के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।
चर्च के भीतर अंधाधुंध गोलीबारी
सनद रहे कि जॉर्डन में शुक्रवार को एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। इस हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए।
गोलीबारी की ये घटना राजधानी अम्मान से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण में कराक स्थित एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में हुई। सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने एक बयान में बताया था कि सुरक्षा एजेंसियां गोलीबारी की जांच कर रही हैं। कराक में आबादी के लिहाज से ईसाई अल्पसंख्यक हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जॉर्डन के चर्च के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी से मचा हड़कंप, सात लोगों की मौत; 34 अन्य घायल
चर्च की ओर भागते दिखे बंदूकधारी
जॉर्डन के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित वीडियो में दो लोग पिस्तौल लिए चर्च की ओर बढ़ते और गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक तीसरा व्यक्ति दिखाई देता है, जिसके हाथ में अर्ध-स्वचालित राइफल नजर आ रही है। वह भी गोलीबारी शुरू कर देता है। इसके बाद तीनों हमलावर चर्च की ओर दौड़ते हैं।
शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने 'एक्स' पर कहा कि जॉर्डन कराक को निशाना बनाने वाले 'आतंकवादी कृत्य' के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
