दो हैदराबादी ब्वॉयज तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने टीम इंडिया को हारा हुआ मुकाबला जिता दिया। भारत ने जब अपना छठा विकेट खोया तो स्कोर 14.5 ओवर में 112 रन था। उस वक्त बल्लेबाजी करने आए नीतीश कुमार रेड्डी और फिर दो हैदराबादी ब्वॉयज ने न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली। नीतीश और तिलक ने 7वें विकेट के लिए 32 गेंद में नाबाद 69 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को हारा हुआ मुकाबला 4 विकेट से जिता दिया। तिलक वर्मा 26 गेंद में 51 जबकि नीतीश कुमार रेड्डी 13 गेंद में 26 रन की पारी खेली।
तोड़ दिया 17 साल पुराना रिकॉर्ड
7वें विकेट के लिए तिलक और नीतीश ने 32 गेंद में नाबाद 69 रन की साझेदारी की। इस दौरान तिलक ने 17 गेंद में 41 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंद में 26 रन बनाए। यह 7वें विकेट के लिए इस फॉर्मेट में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस हैदराबादी जोड़ी ने 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दिनेश कार्तिक और क्रुणाल पांड्या ने नाबाद 63 रन की साझेदारी की थी।
आखिरी ओवर के रोमांच में जीता भारत
भारत को आखिरी ओवर में 11 रन की दरकार थी। जैकब डफी की पहली गेंद पर नीतीश ने एक रन लिया। दूसरी गेंद में तिलक ने एक्स्ट्रा कवर्स पर चौका जड़ा। तीसरी गेंद पर तिलक ने दो रन लिए। चौथी गेंद पर तिलक वर्मा दो रन लेना चाहते थे, लेकिन जोखिम को देखते हुए नीतीश ने मना कर दिया। 5वीं गेंद डफी ने वाइड डाली और 5वीं गेंद पर डबल्स लेकर भारत ने मुकाबले अपने पक्ष में कर लिया।
मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स के 70 और बेवन जैकब्स के 58 रन की पारी के दम पर 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। भारत की ओर से तिलक वर्मा और नीतीश के अलावा नमन धीर ने 17 गेंद में 31 रन की अहम पारी खेली।
