पटना : रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में शनिवार की सुबह करीब 10 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 21 वर्षीय युवक ने अपने डेढ़ साल के मासूम भाई को मंदिर में ले जाकर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दिया है। कहा जा रहा है कि कटे सिर को उसने माता के मंदिर में चढ़ाया और फिर उसे गमछे में बांधकर घर ले गया। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रानीतालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्गा मंदिर को सील कर दिया। फिलहाल, फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, रंजू यादव का 21 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार शनिवार की सुबह अपने डेढ़ साल के छोटे भाई मनीष कुमार को खेलने के बहाने दुर्गा मंदिर में ले गया, और वहीं धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। इसके बाद शव को गमछे में लपेटकर घर ले आया। मासूम का शव देखते ही घर की महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर और आरोपी के घर के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले धारदार हथियार को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आरोपी कथित तौर पर सनकी स्वभाव का है और नशे का भी आदी है। महिला के अनुसार, वह पहले भी लोगों के साथ मारपीट करता था। करीब छह माह पूर्व उसने एक पड़ोसी का गला काटने का प्रयास भी किया था। महिला ने यह भी दावा किया कि हाल के दिनों में वह एक बच्चे का गला काटने की बात कहता था।
