देश

मिडिल ईस्ट संकट के बीच हवाई यात्रा होगी महंगी; एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस बढ़ाएंगे फ्यूल चार्ज

मिडिल ईस्ट संकट के कारण जेट फ्यूल महंगा होने से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से घरेलू टिकट पर ₹399 फ्यूल सरचार्ज लगाने और कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी शुल्क बढ़ाने का फैसला किया है।

Image

मिडिल ईस्ट संकट के बीच एयर इंडिया ने बढ़ाए टिकट चार्ज

Photo : iStock

पश्चिम एशिया (ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध) में जारी युद्ध और बढ़ते तनाव का असर अब दुनिया भर के ऊर्जा बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका सीधा असर अब हवाई यात्राओं पर भी पड़ने लगा है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है,जो 12 मार्च से लागू होगा।

एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार,पहले चरण में घरेलू उड़ानों के प्रत्येक टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। यह शुल्क SAARC देशों की उड़ानों पर भी लागू होगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ा

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है। पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) की उड़ानों पर 10 डॉलर, जबकि अफ्रीका की उड़ानों पर सरचार्ज बढ़ाकर 90 डॉलर कर दिया गया है। वहीं दक्षिण-पूर्व एशिया की उड़ानों के लिए यह शुल्क 60 डॉलर कर दिया गया है।

12 मार्च से सभी संबंधित मार्गों पर लागू

एयरलाइन के मुताबिक, यह बदलाव 12 मार्च से सभी संबंधित मार्गों पर लागू होगा। इसमें सिंगापुर के लिए उड़ानें भी शामिल हैं, जहां अभी तक कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लिया जा रहा था।

एयर इंडिया समूह ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण जेट ईंधन की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है, जिसकी वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। कंपनी ने बताया कि फ्यूल सरचार्ज को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि एयर इंडिया समूह ने आज अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन अधिभार को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने की घोषणा की,जो खाड़ी क्षेत्र में भू-राजनीतिक स्थिति के कारण जेट ईंधन की कीमतों में तेज वृद्धि के कारण आवश्यक हो गया है। हालांकि अभी इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर ने ईंधन अधिभार के संबंध में कोई घोषणा नहीं की है।

गौरतलब है कि ईरान द्वारा फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक संकरे समुद्री परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को लगभग अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!