Ahmedabad Plane Crash Tata Airlines: पिछले साल 12 जून 2025 को अहमदाबाद के मेघाणीनगर में जो विमान हादसा हुआ था, वह जगह अब एक बहुत बड़े और ऐतिहासिक बदलाव से गुजरने जा रही है। गुजरात सरकार ने न्यू मेंटल कैंपस में विमान हादसे के कारण जमींदोज और क्षतिग्रस्त हुए हॉस्टल ब्लॉक्स को हटाकर, वहां ₹547 करोड़ से ज्यादा की भारी-भरकम लागत से एक अत्याधुनिक हॉस्पिटल और शैक्षणिक कॉम्प्लेक्स बनाने की आधिकारिक घोषणा की है।
गुजरात के स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि इस मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद यह परिसर गुजरात के सबसे बड़े और आधुनिक मेडिकल सेंटरों में से एक बन जाएगा।
टाटा एयरलाइंस देगी ₹53.12 करोड़ का मुआवजा
इस पूरे प्रोजेक्ट की शुरुआत हादसे के मुआवजे से जुड़ी है। विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए 'अतुल्यम 1 से 4' हॉस्टल ब्लॉकों, कैंटीन और पावर सब-स्टेशन के नुकसान की भरपाई के लिए टाटा एयरलाइंस गुजरात स्वास्थ्य विभाग को ₹53.12 करोड़ का मुआवजा देगी।
हादसे के समय इन हॉस्टलों में रह रहे 92 मेडिकल छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया था, लेकिन बाद में स्ट्रक्चरल ऑडिट में इन भवनों को पूरी तरह रहने के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद इन्हें ढहा दिया गया। अब इस मुआवजे की रकम और राज्य सरकार के बजट को मिलाकर यहां नया निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।
₹547 करोड़ का महा-प्लान: कैंपस में क्या-क्या बनेगा?
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के मुताबिक, सरकार ने न्यू मेंटल कैंपस की करीब 25,000 वर्ग मीटर जमीन पर चार बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है:
1. स्पाइन हॉस्पिटल और फिजियोथेरेपी कॉलेज (लागत: ₹295 करोड़): परिसर में एक अत्याधुनिक 'पैराप्लेजिया एवं स्पाइन हॉस्पिटल' बनाया जाएगा। इसके साथ ही एक हाई-टेक रिहैबिलिटेशन सेंटर, फिजियोथेरेपी कॉलेज और 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाला एक विशाल हॉस्टल तैयार होगा।
2. शादीशुदा डॉक्टरों के लिए 8 नए ब्लॉक (लागत: ₹192 करोड़): विवाहित (Married) पीजी मेडिकल छात्रों के लिए कुल 510 कमरों वाले आठ नए जी+7 (आठ मंजिला) भव्य हॉस्टल ब्लॉक बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट को स्टूडियो अपार्टमेंट की तर्ज पर लिविंग रूम, अटैच किचन और बेडरूम के साथ तैयार किया जा रहा है।
3. हाई-टेक फूड एंड ड्रग्स लेबोरेटरी (लागत: ₹50 करोड़): नेशनल एक्रीडेशन बोर्ड (NABL) के वैश्विक मानकों के मुताबिक एक नई 7 मंजिला फूड एंड ड्रग्स लेबोरेटरी बनाई जाएगी, जो लगभग 3,100 वर्ग मीटर में फैली होगी।
4. आधुनिक मेगा कैंटीन (लागत: ₹10 करोड़): छात्रों और स्टाफ के लिए एक नया जी+1 मंजिला भव्य कैंटीन भवन बनेगा, जिसमें एक साथ 800 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी।
बजट में भी हुआ प्रावधान, जल्द शुरू होगा काम
इस ड्रीम प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए गुजरात सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अनुमानित ₹51.84 करोड़ के मुकाबले ₹34.65 करोड़ की राशि को तत्काल प्रभाव से स्वीकृत भी कर दिया है। इसके अलावा परिसर में हाई-टेक फायर फाइटिंग सिस्टम, आरओ प्लांट, अंडरग्राउंड बेसमेंट पार्किंग, जिम, रिक्रिएशन रूम और आकर्षक लैंडस्केपिंग (हरियाली) जैसी वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद जहां छात्रों के लिए अस्थायी रहने-खाने की व्यवस्था की गई थी, वहीं अब इस स्थाई निर्माण से डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और आम जनता को अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार ने इसका पूरा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है और जल्द ही भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत होगी।
