Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 2 चालक दल, 10 क्रू मेंबर्स सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। एयर इंडिया ने अधिक जानकारी के लिए एक समर्पित यात्री हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444, जारी किए हैं। एयर इंडिया का Customer Care Number (011-24610843, 91-1169329999) भी जारी किए हैं। इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय (Operational Control Room) कर दिया है। इसमें संपर्क करने के लिए 011-24610843, 9650391859 कॉल कर सकते हैं। उधर, ब्रिटेन सरकार ने भी हादसे से जुड़ा हेल्पलाइन नंबर 02070085000 जारी किया है। वहीं, अहमदाबाद एयरपोर्ट के इमरजेंसी नंबर 079-22869211 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अब गुजरात सरकार का यात्री हेल्पलाइन नंबर - 011-24610843, 9650391859 और अहमदाबाद पुलिस का भी हेल्पलाइन नंबर - 07925620359 उपलब्ध है। जिनके परिजन विमान से यात्रा के लिए निकले थे वे इन नंबरों पर ताजा अपडेट ले सकते हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 232 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। बोइंग विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम नीचे आता देखा गया और यह अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। प्रधानमंत्री ने दोनों को अहमदाबाद जाने और इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों को तत्काल यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
एअर इंडिया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा, ''अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या एआई171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर साझा करेंगे।
पुलिस ने बताया कि विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा, ''हम हताहतों के बारे में विवरण जुटा रहे हैं। अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर भेजे गये हैं।
