देश

'सत्य मेरा भगवान', सजा के बाद राहुल गांधी को 'बापू' आए याद, प्रियंका के निशाने पर सरकार

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 23, 2023, 01:02 PM IST

Rahul Gandhi convicted : दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई। अगर यह सजा दो साल से एक दिन भी अधिक होती तो कांग्रेस नेता की संसद सदस्यता जा सकती थी। जनप्रतिनिधित्व कानून 1951 के अधिनियम की धारा 8(3) में प्रावधान है कि विधायिका सदस्य को यदि 2 वर्ष से अधिक के कारावास की सजा होती है तो उसे आयोग्य माना जाएगा।

Rahul Gandhi convicted : 'मोदी सरनेम' वाले मानहानि मामले में सूरत की सेशंस कोर्ट ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई। हालांकि, सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें तुरंत जमानत मिल गई और वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। कोर्ट में सजा का ऐलान होने से पहले वायनाड से सांसद एवं कांग्रेस नेता के पक्षकार वकीलों ने कहा कि राहुल गांधी ने जानबूझकर या किसी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बयान नहीं दिया। वह नेता हैं और देश भर में घूमते हैं। वह लोगों की आवाज उठाते हैं। उनकी मंशा किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी। राहुल के वकीलों ने उन्हें कम से कम सजा दिए जाने की मांग की।

अपनी इस सजा पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि 'मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है। सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा उसे पाने का साधन।'

'कम सजा मिलने पर जाएगा गलत संदेश'

वहीं, शिकायतकर्ता पक्ष ने कम सजा के लिए राहुल गांधी की दलीलों का विरोध किया। शिकायतकर्ता पक्ष के वकील ने अदालत से कहा कि राहुल गांधी सांसद हैं। वह उस जगह बैठते हैं जहां देश के कानून बनते हैं। ऐसे में उन्हें अगर कम सजा मिलती है तो लोगों में गलत संदेश जाएगा कि नेताओं को कम सजा मिलती है। इसलिए कानून के मुताबिक कांग्रेस सांसद को अधिकतम सजा मिलनी चाहिए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई। अगर यह सजा दो साल से एक दिन भी अधिक होती तो कांग्रेस नेता की संसद सदस्यता जा सकती थी। जनप्रतिनिधित्व कानून 1951 के अधिनियम की धारा 8(3) में प्रावधान है कि विधायिका सदस्य को यदि 2 वर्ष से अधिक के कारावास की सजा होती है तो उसे आयोग्य माना जाएगा और वह अगले छह साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएगा।

प्रियंका गांधी ने कहा-मेरे भाई डरेंगे नहीं

राहुल गांधी की इस सजा पर प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका ने अपने एक ट्वीट में कहा कि डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर राहुल गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, 'मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।'

अब कोई मोदी नाम भी नहीं ले सकता-दिग्विजय सिंह

कोर्ट की ओर से सजा सुनाए जाने के बाद राहुल गांधी वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राहुल के वकील ने कहा कि साज पर उनकी ओर से माफी नहीं मांगी गई। वहीं, इस सजा पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि 'स्थिति ऐसी हो गई है कि अब कोई मोदी नाम भी नहीं ले सकता।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article