देश

जेल से छूटते ही CM केजरीवाल की पत्नी से मिलने पहुंचे संजय सिंह, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 3, 2024, 10:59 PM IST

Sanjay Singh Bail News: जेल से बाहर आते ही आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे। उन्होंने वहां सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। साथ ही पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस रिपोर्ट में देखिए VIDEO...।

Image

सुनीता केजरीवाल से मिले संजय सिंह।

Photo : Times Now Digital

Aam Aadmi Party News: दिल्ली आबकारी नीति मामले में सुप्रीम से जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह तिहाड़ जेल से बाहर आए और कहा कि यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है। संजय सिंह का अभिवादन करने के लिए जेल के बाहर पार्टी के अनेक कार्यकर्ता जमा हुए थे।

सुनीता केजरीवाल से मिले संजय सिंह

जेल से बाहर आने के बाद सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने उनकी पत्नी सुनीता से मुलाकात की। संजय सिंह 13 अक्टूबर 2023 से राष्ट्रीय राजधानी की अति सुरक्षा वाली जेल में बंद थे। वह रात 8:11 बजे द्वार संख्या तीन से बाहर आए। जेल अधिकारियों ने कहा कि जमानत प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें रिहा किया गया।

संजय सिंह के समर्थकों ने की नारेबाजी

जेल के बाहर एकत्रित ‘आप’ के समर्थकों ने “देखो देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया” और “संजय सिंह जिंदाबाद” के नारे लगाए। ‘आप’ कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच राज्यसभा सदस्य को फूलमाला पहनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उनपर गुलाब के फूल भी बरसाए। सिंह की रिहाई के मद्देनजर जेल के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। उन्होंने एक वाहन पर चढ़कर समर्थकों का अभिवादन किया।

उन्होंने कहा, “यह संघर्ष का समय है। अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद। जेल में बंद हमारे नेता भी जल्द बाहर आएंगे। यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है। जेल के ताले टूटेंगे, हमारे सारे नेता छूटेंगे।”

'शेर को बेड़ियों में कब तक जकड़ता तानाशाह!'

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और आप के विधायक दुर्गेश पाठक जेल के बाहर मौजूद थे। भारद्वाज ने कहा कि पार्टी संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने बताया, 'संजय सिंह ने कहा है कि यह समय जश्न का नहीं संघर्ष का है क्योंकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन समेत पार्टी के नेता अभी भी जेल में हैं। हमारे तीन नेता जेल में हैं इसलिए पार्टी संघर्ष करती रहेगी।' संजय सिंह की रिहाई के तुरंत बाद ‘आप’ ने एक पोस्ट में कहा, 'शेर को बेड़ियों में कब तक जकड़ता तानाशाह! आखिरकार शेर को जेल से बाहर आना ही था।'

इससे पहले संजय सिंह को वसंत कुंज के आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वापस तिहाड़ जेल ले जाया गया। मंगलवार को सिंह नियमित जांच के लिए आईएलबीएस गए थे लेकिन उन्हें भर्ती कर लिया गया। अस्पताल में ही उन्हें उनकी जमानत की खबर मिली। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि वह उनकी रिहाई का जश्न नहीं मनाएंगी क्योंकि केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत पार्टी के नेता अब भी जेल में बंद हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!