देश

Aaj Ki Taza Khabar, 29 जनवरी, 2023: देश दुनिया की आज की बड़ी खबरें

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Jan 29, 2023, 03:05 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खबर, 29 जनवरी, 2023: रविवार यानी 29 जनवरी की दिन भर की ताजा खबरों से हम आपको रू-बरू करायेंगे।

Image

आज की ताजा खबर, 29 जनवरी, 2023

Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खबर, 29 जनवरी, 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार (29 जनवरी) को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक पीएम बजट सत्र को लेकर सभी मंत्रियों को विशेष निर्देश दे सकते हैं। बीजेपी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 48 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, वहीं शनिवार को केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने एक बड़ा बयान दिया, उन्होंने कहा कि जो भी भारत में पैदा हुआ, वह सब हिंदू हैं। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-

एयर एशिया की लखनऊ- कोलकाता फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान से पक्षी टकराया था। पक्षी से टक्कर के बाद ऐहतियात के तौर पर यह फैसला किया गया। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरे विमान से उनके गंतव्य रवाना किया जा रहा है।

14 राज्य और 3970 किमी की दूरी तय कर भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में है। राहुल गांधी ने रविवार कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीनगर स्थित लालचौक पर तिरंगा फहराया। बता दें कि राहुल गांधी इस यात्रा के क्रम में जब जम्मू में दाखिल हुए उसके बाद कांग्रेस ने सुरक्षा में खामी का आरोप लगाया था।हालांकि सरकार ने साफ कर दिया कि यह सब प्रोपगैंडा है।सूत्रों ने आज कहा कि 12 विपक्षी दल सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के लिए 21 दलों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन कुछ सुरक्षा कारणों से इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं।तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और टीडीपी उन पार्टियों में शामिल हैं, जो इस समारोह में शामिल नहीं होंगी।

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास को एएसआई ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मार दी। नाबा किशोर दास को एयरलिफ्ट के जरिए भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल स्थानीय स्तर पर उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक जैसे ही वो कार से उतरे एएसआई ने गोली मार दी। फायरिंग उसने किस मकसद से किया वजह साफ नहीं है। इस घटना के बाद बीजेडी के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं जिसके बाद तनाव बढ़ गया है। झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के पास गोली मारने की वारदात उस वक्त हुई जब नाबा किशोर दास ब्रजराजनगर के गांधी चौक पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

रविवार 29 जनवरी को गुजरात में पंचायत जूनियर क्लर्क भर्ती के लिए परीक्षा होनी थी। लेकिन पेपर लीक के बाद एग्जाम को कैंसिल कर दिया गया है। इन सबके बीच राज्य सरकार ने फैसला किया है छात्रों को घर तक जाने के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में टिकट नहीं लेना होगा। लेकिन इस विषय पर सियासत भी शुरू हो चुकी है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूछा कि आखिर हर बार ऐसा क्यों हो रहा है। बता दें कि इस परीक्षा में 9.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था।

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खुली सोच के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश राज के समय तो हिंदू, मुस्लिम, सिख का प्रयोग सही था क्योंकि उन्हें राज करना था। यहीं नहीं नागरिकों के सामान्य अधिकारों का फैसला करने के लिए कम्यूनिटी को आधार बनाया। यही नहीं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्थापक, शिक्षाविद् और समाज सुधारक सर सैय्यद अहमद खान ने भी खुद हिंदू कहे जाने का आग्रह किया था। तिरुवअनंतपुरम में केरला हिंदू ऑफ नॉर्थ अमेरिका के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शनिवार को मंत्रिमंडल ने नई आबकारी नीति को मंजूरी दे दी। उत्तर प्रदेश की आबकारी नीति 2023-24 में शराब और बीयर की दुकानों की लाइसेंस फीस दस फीसदी बढ़ाई गई है। सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग से करीब 45 हजार करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य तय किया है।

ईरान में भूकंप के झटके में सात लोगों की मौत और 440 के घायल होने की खबर है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 थी। उत्तर पश्चिमी ईरान के पश्चिम अजरबैजान प्रांत के खोय शहर में शनिवार रात 5.9 तीव्रता ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर कर दिया। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। जानकारों का कहना है कि ईरान की जमीन के नीचे भूगर्भीय प्लेट्स में दरारों की संख्या बहुत अधिक है इस वजह से भूकंप आने की संभावना ज्यादा होती है।

विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा अपनी अगुआई में भारत को रविवार को आईसीसी के शुरुआती अंडर-19 टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दिलाकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने काफी सफलता अर्जित की है लेकिन टीम किसी भी स्तर पर विश्व कप ट्रॉफी नहीं जीत सकी है और सीनियर टीम के साथ दो विश्व कप और एक राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल का हिस्सा रह चुकी शेफाली अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी जीतकर घर लौटना चाहेंगी।

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि औरतों को उचित समय पर मां बन जाना चाहिए। उनके इस बयान पर महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ऐतराज जताते हुए कहा कि बोलने के लिए बहुत से विषय हैं, अच्छा होता कि वो इस विषय की जगह उन मुद्दों पर राय रखते। यह मोरल पोलिसिंग सही नहीं है। सरमा ने कहा कि मां बनने के लिए उचित समय 22 से 30 वर्ष के बीच है। गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला इसका पालन करती है तो वो उसके और बच्चे दोनों की भलाई के लिए होगा। इसके साथ ही कहा कि ऐसी महिलाएं जिनकी उम्र 30 के करीब है उन्हें तो जल्द से जल्द शादी कर लेनी चाहिए।

शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी तथा मुख्य गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन से पहला मैच गंवाने वाली भारतीय टीम को तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में बने रहने के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले दूसरे मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। हार्दिक पंड्या की अगुवाई वाली टीम रांची में पहले मैच में न्यूजीलैंड के स्पिन जाल में फंस गई थी और उसे 21 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

Pakistan Food Crisis: पाकिस्तान में भयानक आर्थिक संकट चल रहा है और खाने के लाले पड़े हैं,ऐसे में रावलपिंडी के एक पोल्ट्री फॉर्म से लोग मुर्गियां लूट (pakistan chickens loot) ले गए,आर्थिक संकट इतना गहरा गया है कि अब लोग लूटपाट पर उतर आए हैं, बताते हैं कि इनकी मुर्गियों की कीमत करीब 30 लाख रूपये है।लूट की वारदात रावलपिंडी में हुई, यहां के पोल्ट्री फॉर्म से 12 हथियारबंद लुटरों ने 5000 मुर्गियां लूट लीं वो भी बंदूक की नोंक के दम पर,

इस समय कानून मंत्री किरेन रिजिजू(Kiren Rijiju) चर्चा के केंद्र में हैं। कॉलेजियम सिस्टम को लेकर जजों की राय से उनकी राय अलग है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि जिस तरह से कुछ नियुक्तियों के संबंध में रॉ और आईबी की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया गया है उसे उचित नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान के दायरे में ही रहकर वो अपनी बात जनता के बीच रखते हैं। आज तक उन्होंने किसी रूप में असंवैधानिक बात नहीं कही। एक मीडिया कार्यक्रम में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के रिश्ते पर बेबाकी से राय रखते हुए कहा कि संतुलन बने रहना आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article