Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी का नाम अब सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में गूंज रहा है। 15 साल के इस बल्लेबाज ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों पर 204 रन की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया। इस पारी में उन्होंने 28 छक्के लगाए और लिस्ट-ए क्रिकेट के कई वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। लेकिन इस ऐतिहासिक पारी के बाद जब उनसे पूछा गया कि इसका श्रेय किसे देंगे, तो उन्होंने ना माता का नाम लिया, ना पिता का। वैभव ने एक ऐसे शख्स का नाम लिया, जो पर्दे के पीछे से उनकी सफलता की नींव रख रहा है।
वैभव ने कोच को दिया दोहरे शतक का श्रेय
वैभव ने अपने दोहरे शतक का श्रेय टीम के कोच ऋषिकेश कानिटकर को दिया है। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए वैभव ने कहा, "ऋषि सर हर मैच से पहले मुझसे बात करते हैं। वो अंडर-19 से यही कहते आ रहे हैं कि अगर मैं गेंद को अच्छी तरह से देखूंगा, तो गेम मेरे लिए आसान हो जाएगा।" वैभव ने बताया कि पिछले दो मैचों में वे सेट होकर भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। इसलिए इस बार उनका प्लान साफ था। उन्होंने कहा, "मेरा प्लान था कि मैं मैदान पर जाकर अपना टाइम लूंगा। एक-दो बॉल खेलने के बाद मुझे लगा कि बॉलर्स के लिए यहां पर कुछ भी नहीं है और इसके बाद मैंने अपनी ताकत पर भरोसा किया।"
'पहले से ही सोचा था कि बड़ी पारी खेलूंगा'
वैभव ने अपनी सोच का खुलासा करते हुए कहा, "मैं यही सोच रहा था कि अगर पिच बॉलर्स को मदद कर रही है, तो मैं टाइम लूंगा और बड़ी पारी खेलूंगा। शुक्र है कि ऐसा नहीं हुआ और विकेट अच्छा था। गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी और इस वजह से मैंने बस अपनी ताकत पर भरोसा किया।" बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि अगर शुरुआत में गेम उनके कंट्रोल में नहीं होता, तो वे टाइम लेने की कोशिश करते। लेकिन वे शुरू से ही कंट्रोल में थे, इसलिए उन्होंने बड़े शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। वैभव ने आगे के मैचों को लेकर भी बड़ी बात कही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- ICC भी हुआ वैभव सूर्यवंशी का फैन, 204 रनों की तूफानी पारी पर लिख दी ऐसी बात
सेमीफाइनल और फाइनल पर सबकी नजरें
उन्होंने कहा, "गेम में मेरा फ्लो वापस आ गया है, इसलिए अब मैं टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उसे जारी रखने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है कि हम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचेंगे। मैं उसी फ्लो के साथ खेलना जारी रखूंगा।" उन्होंने दबाव पर भी बात की। वैभव ने कहा, "बैटिंग करते समय आपको हमेशा प्रेशर महसूस होता है। ये नॉर्मल है, थोड़ा नर्वस होना इंसान की फितरत है। हालांकि, दो-चार बॉल के बाद मैं शांत हो जाता हूं।" वैभव की इस पारी ने विरोधी टीमों में खौफ पैदा कर दिया है। अब सबकी नजर सेमीफाइनल और फाइनल पर है।
