देश

PM मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच फोन पर बातचीत,भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पीएम मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते द्विपक्षीय संपर्कों और सहयोग पर संतोष जताया।

Image

PM मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच फोन पर बातचीत।

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी जंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसे लेकर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। दोनों ने वैश्विक शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया कि पीएम मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते द्विपक्षीय संपर्कों और सहयोग पर संतोष जताया।

भारत-जर्मनी के 75 साल के कूटनीतिक रिश्ते

बता दें कि भारत और जर्मनी इस साल अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष मना रहे हैं। इस मौके पर दोनों नेताओं ने रक्षा और उन्नत तकनीक समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते से बढ़ेंगे व्यापार के अवसर

बातचीत में भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का मुद्दा भी उठा। दोनों नेताओं ने माना कि इस समझौते से द्विपक्षीय व्यापार और निवेश के विस्तार के नए अवसर खुलेंगे।

वैश्विक चुनौतियों पर मिलकर काम करने पर सहमति

मोदी और मर्ज ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने समकालीन वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रखने के महत्व पर भी जोर दिया। दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के साथ नियमों पर आधारित वैश्विक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article