ट्रेन से सफर करने के लिए आपने कन्फर्म टिकट बुक कराया है, लेकिन यात्रा से पहले टिकट कहीं खो गया तो घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय रेलवे के मुताबिक, ऐसी स्थिति में यात्री डुप्लीकेट टिकट बनवा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ नियम हैं और टिकट बनने के समय के हिसाब से अलग-अलग शुल्क देना पड़ सकता है। कन्फर्म टिकट खोने पर कैसे मिलेगा डुप्लीकेट टिकट?
अगर आपने रेलवे काउंटर से कन्फर्म टिकट लिया है और वह खो गया है, तो आप डुप्लीकेट टिकट बनवा सकते हैं। इसके लिए आपको रेलवे के रिजर्वेशन ऑफिस या स्टेशन मास्टर से संपर्क करना होगा। टिकट खोने की जानकारी देने के बाद रेलवे के नियमों के मुताबिक डुप्लीकेट टिकट जारी किया जा सकता है।
चार्ट बनने से पहले टिकट खोया तो कितना लगेगा शुल्क?
अगर आपका कन्फर्म टिकट ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने से पहले खो जाता है, तो डुप्लीकेट टिकट बनवाने के लिए निर्धारित क्लर्केज शुल्क देना होगा। यानी टिकट खोने की स्थिति में आपको रेलवे के तय शुल्क के साथ नया टिकट मिल सकता है।
चार्ट बनने के बाद देना होगा 50% किराया
अगर रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने के बाद आपका कन्फर्म टिकट खोता है, तो डुप्लीकेट टिकट बनवाने के लिए ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस स्थिति में टिकट के किराये का 50 फीसदी शुल्क देना होगा। इसलिए टिकट खोने पर जितनी जल्दी हो सके, रेलवे अधिकारियों से संपर्क करना बेहतर है।
RAC टिकट और फटे टिकट के लिए क्या है नियम?
रेलवे के मुताबिक, चार्ट तैयार होने के बाद खोए हुए RAC टिकट का डुप्लीकेट टिकट जारी नहीं किया जाता है। वहीं, अगर आपका टिकट खोया नहीं है, बल्कि फट गया है या खराब हो गया है, तो उसके लिए अलग नियम है। चार्ट बनने के बाद ऐसे टिकट पर डुप्लीकेट टिकट बनवाने के लिए किराये का 25 फीसदी शुल्क देना पड़ सकता है।
टिकट खोने पर तुरंत करें ये काम
टिकट खोने या खराब होने की स्थिति में सबसे पहले नजदीकी रेलवे रिजर्वेशन ऑफिस या स्टेशन मास्टर से संपर्क करें। टिकट से जुड़ी जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेज साथ रखें। ध्यान रखें कि डुप्लीकेट टिकट जारी करने के नियम टिकट की स्थिति और चार्ट तैयार होने के समय पर निर्भर करते हैं
