पश्चिम बंगाल सरकार ने पश्चिम बंगाल (West Bengal) का नाम बदलकर 'पश्चिम बंगा' करने की तैयारी कर ली है। ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी राज्य का नाम बदलने जा रहा है। देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड, ओडिशा और केरलम तक कई राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। आज जानते हैं आजादी के बाद किन-किन राज्यों के नाम बदले, इसके पीछे क्या वजहें थीं और किसी राज्य का नाम बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया क्या है?
पश्चिम बंगा नाम करने का ताजा मामला
सोमवार 23 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट ने राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अब इस प्रस्ताव को आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाना है। यहां समझने वाली बात यह है कि प्रस्ताव के मुताबिक अंग्रेजी में भी नाम West Bengal की बजाय Paschim Banga किया जाएगा। 9 दिसंबर को यह प्रस्ताव विधानसभा में पारित होने के बाद केंद्र के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसलिए यह समझने की जरूरत है कि अभी आधिकारिक तौर पर नाम नहीं बदला है। इससे पहले भी वाम मोर्चा और ममता बनर्जी सरकार भी राज्य का नाम बदलने की कोशिश कर चुकी हैं।
आजादी के बाद किन-किन राज्यों के नाम बदले?
अभी पश्चिम बंगाल का नाम बदले जाने की चर्चा हो रही है। ऐसे में यह भी जान लेना अच्छा रहेगा कि आजादी के बाद किन-किन राज्यों के नाम बदले गए। पहले उन राज्यों के नाम क्या थे और अब वह किस नाम से जाने जाते हैं।
| पुराना नाम | नया नाम | बदलाव का वर्ष | |
| यूनाइटेड प्रोविंसेज | उत्तर प्रदेश | 1950 | |
| सेंट्रल प्रोविंसेज एंड बेरार | मध्य प्रदेश | 1950 | |
| ईस्ट पंजाब | पंजाब | 1950 | |
| बॉम्बे स्टेट | महाराष्ट्र | 1960 | |
| मद्रास स्टेट | तमिलनाडु | 1969 | |
| मैसूर | कर्नाटक | 1973 | |
| उत्तरांचल | उत्तराखंड | 2007 | |
| उड़ीसा (Orissa) | ओडिशा | 2011 | |
| केरल | केरलम | 2026 | |
| Edit | |||
ज्ञात हो कि शुरुआती तीन बदलाव 1950 में संविधान लागू होने के समय हुए थे। केरलम का नाम परिवर्तन हाल ही में 25 अगस्त 2026 से प्रभावी हुआ है।
क्यों बदले गए इन राज्यों के नाम?
- उत्तर प्रदेश : अंग्रेजों के समय यूनाइटेड प्रोविंसेज रहे इस प्रदेश के लिए 1950 में उत्तर प्रदेश नाम अपनाया गया। इस तरह से अंग्रेजी में शॉर्ट नेम UP बना रहा।
- मध्य प्रदेश : आजादी के बाद सेंट्रल प्रोविंसेज का हिंदी रूपांतरण किया गया और इसे मध्य प्रदेश नाम दिया गया।
- पंजाब : विभाजन के समय पूर्वी पंजाब का हिस्सा ही भारत में रह गया, इस हिस्से का नाम साल 1950 में पंजाब रखा गया।
- महाराष्ट्र : आजादी के बाद भी बॉम्बे स्टेट इसी नाम से जारी रहा, लेकिन राज्य की मराठी भाषी और गुजराती भाषी जनता अपना-अपना अलग राज्य चाहती थीं। इसी मांग और आंदोलन के चलते 1960 में बॉम्बे स्टेट का नाम महाराष्ट्र किया गया और गुजराती भाषी क्षेत्र को अलग राज्य बनाया गया।
- तमिलनाडु : अंग्रेजों के समय से मद्रास स्टेट नाम से चले आ रहे इस राज्य में भी तमिल भाषा और क्षेत्रीय पहचान को सम्मान देने की मांग उठ रही थी। साल 1969 में आधिकारिक तौर पर राज्य का नाम बदलकर तमिलनाडु किया गया।
- कर्नाटक : मैसूर स्टेट के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में बंटे कन्नड़ भाषी इलाकों की साझा पहचान को मान्यता देने के लिए साल 1973 में नाम बदलकर कर्नाटक किया गया।
- उत्तराखंड : साल 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर एक नए राज्य का जन्म हुआ, जिसे उत्तरांचल नाम मिला। क्षेत्र की जनता लंबे समय से अलग उत्तराखंड राज्य की मांग कर रही थी। अलग राज्य तो मिला, लेकिन उसका नाम उत्तरांचल कर दिया गया। आम जन मानस की भावनाओं को देखते हुए साल 2007 में इसका नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया।
- ओडिशा : हिंदी में उड़ीसा और अंग्रेजी में Orissa की जगह स्थानीय उच्चारण के अनुरूप ओडिशा नाम अपनाए जाने की जनभावना की कद्र करते हुए साल 2011 में इस राज्य का नाम
Odisha अपनाया गया। - केरलम : केरल की मुख्य भाषा मलयालम है और इस भाषा में राज्य का नाम पहले से ही केरलम है। साल 2026 में संवैधानिक और अंग्रेजी नाम को भी उसी के अनुरूप कर दिया गया।
नाम बदलने के पीछे क्या वजहें होती हैं?
किसी भी राज्य या शहर का नाम बदलने के चार प्रमुख कारण होते हैं। इन कारणों के अनुरूप ही राज्य सरकार की अपील पर केंद्र सरकार नाम बदलने की अनुमति देती है।
- भाषाई पहचान : स्थानीय भाषा और उच्चारण के अनुरूप नाम रखना।
- सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान : पुराने ऐतिहासिक नाम को पुनर्स्थापित करना।
- क्षेत्रीय अस्मिता : किसी क्षेत्र या समुदाय की साझा पहचान को मान्यता देना।
- औपनिवेशिक विरासत से मुक्ति : अंग्रेजी शासन के दौरान प्रचलित नाम या वर्तनी को बदलना।
नाम बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया क्या है?
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 3 देश की संसद को किसी भी राज्य का नाम बदलने का अधिकार देता है। इसके लिए राष्ट्रपति की सिफारिश पर विधेयक संसद में पेश किया जाता है। अगर प्रस्ताव किसी राज्य के नाम से जुड़ा है, तो राष्ट्रपति विधेयक को उस राज्य की विधानसभा के पास उसकी राय जानने के लिए भेजते हैं। हालांकि, विधानसभा की राय संसद के लिए बाध्यकारी नहीं होती है। संसद विधेयक को साधारण बहुमत से पारित कर सकती है और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद प्रक्रिया पूरी होती है। यानी सिर्फ राज्य कैबिनेट या विधानसभा के प्रस्ताव से नाम नहीं बदलता। अंतिम कानूनी प्रक्रिया संसद के जरिए ही पूरी होती है।