Anant Singh Daughter Wedding: विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की आज मेंहदी समारोह है। वहीं, आज शाम से ही बड़ी तादाद में अतिथियों का आगमन हो रहा है। मेंहदी समारोह से जुड़ी कई तस्वीरें सामने आ रही हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि दुल्हन शिवांगी अपनी मां के साथ स्टेज पर बैठी हैं। इससे पहले शिवांगी सिंह की हल्दी की रस्म धूमधाम से मनाई गई। पटना के नदवां स्थित पैतृक आवास पर हुए इस समारोह में परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे। आम से लेकर खास मेहमानों की मौजूदगी ने इस आयोजन को चर्चा में ला दिया।
25 नवंबर को होगी शिवांगी की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। उनकी शादी ऋषिकेश कुमार से होगी, जो कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। शादी को लेकर नदवां गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।अनंत सिंह का दावा है कि शादी में पांच से छह लाख लोग शामिल हो सकते हैं। मेहमानों के लिए खाने-पीने का व्यापक इंतजाम किया जा रहा है। मिठाइयां तैयार करने के लिए बड़ी मात्रा में दूध मंगाया गया है। शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसमें शामिल होने के लिए करीब 150 घोड़ों के पहुंचने की बात कही गई है। प्रतियोगिता के विजेता को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।
मेहमानों के स्वागत के लिए खास इंतजाम
शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर बड़े-बड़े पंडाल लगाए गए हैं। मेहमानों के स्वागत और खाने-पीने की व्यवस्था के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं। अनंत सिंह की बेटी की शादी अब बिहार में चर्चा का विषय बन गई है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 5 लाख मेहमानों के पहुंचने की बात कही गई है। मेहमानों के लिए खाने की करीब 150 वैरायटी तैयार किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा मिठाइयां बनाने के लिए सैकड़ों कारीगर रातभर काम कर रहे हैं।
