
आज की ताजा खबर 1 मार्च 2023: आश्रम फ्लाईओवर के विस्तार का काम पूरा, जल्द होगा उद्घाटन; व्हॉट्सऐप ने एक माह में 'बंद किए' 29 लाख अकाउंट्स
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि विस्तारित आश्रम फ्लाईओवर का उद्घाटन जल्द ही होगा। उन्होंने पत्रकारों के सामने उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि फ्लाईओवर का उद्घाटन टलने का कारण दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी है। उन्होंने इस बारे में कहा, ‘‘इसके उद्घाटन को सिसोदिया (गिरफ्तारी) के कारण नहीं टाला गया है। कुछ काम बाकी हैं जो तीन-चार दिन में पूरे हो जाएंगे।’’ अधिकारी ने कहा था, “फ्लाईओवर एक्सटेंशन को मंगलवार को जनता के लिए खोला जाना था और मुख्यमंत्री कार्यालय से तारीख मिल गई थी। लेकिन हाल के घटनाक्रम के मद्देनजर अब हमें उनके कार्यालय से नई तारीख लेनी होगी। फ्लाईओवर के विस्तार का काम पूरा हो चुका है।’’ हालांकि, एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने पहले कहा था कि उद्घाटन को सिसोदिया की गिरफ्तारी के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया। दरअसल, फ्लाईओवर का उद्घाटन 28 फरवरी को होना था। वहीं, सोशल मैसेंजर ऐप व्हॉट्सऐप ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए जनवरी में 29 लाख भारतीय खातों पर रोक लगा दी। मेटा के स्वामित्व वाली व्हॉट्सऐप ने अपनी मासिक उपयोगकर्ता सुरक्षा रिपोर्ट में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए इन खातों पर रोक लगाई गई है। इस कदम का मकसद मंच के दुरुपयोग को रोकना है।