देश

'चुनाव आते ही कलश यात्रा निकालने वाली BJP-AAP से रहें सावधान', तुगलकाबाद गुरुघर विध्वंस की बरसी पर भड़कीं मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया 'X' पर 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संत रविदास गुरुघर पर चले बुलडोजर का जिक्र करते हुए भाजपा और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पंजाब चुनाव से पहले उन्होंने समाज को सतर्क रहने की सलाह दी।

Image

मायावती ने BJP और 'आप' को घेरा (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

पंजाब विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश के भावी राजनीतिक समीकरणों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संत गुरु रविदास ऐतिहासिक गुरुघरों की गरिमा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक के बाद एक विस्तृत पोस्ट में मायावती ने 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संत रविदास गुरुघर को बुलडोजर से ढहाए जाने की घटना की याद दिलाते हुए दोनों राजनीतिक दलों की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

'आज भी टीन शेड में माथा टेकने को मजबूर हैं श्रद्धालु'

मायावती ने दिल्ली के तुगलकाबाद की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 10 अगस्त 2019 को संत रविदास के गुरुघर को बुलडोजर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया था। मायावती ने पोस्ट में लिखा कि जब संगत लोकतांत्रिक ढंग से सड़कों पर उतरी तो उन्हें लाठीचार्ज, आंसू गैस, गिरफ्तारियों और मुकदमों का सामना करना पड़ा। काफी लोगों को जेल जाना पड़ा। इतना ही नहीं, गुरुघर की भूमि छीन ली गई और आज भी संगत को लोहे के अस्थायी टीन शेड में अपने गुरुजी को माथा टेकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह स्थिति करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाली है।

पंजाब चुनाव आते ही BJP शुरू कर रही कलश यात्रा'

आगामी पंजाब चुनावों के संदर्भ में भाजपा को घेरते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा संत गुरु रविदास जी के नाम पर 'कलश यात्रा' निकालकर समाज को गुरुजी के 'बेगमपुरा' के वास्तविक लक्ष्य से भटकाने का प्रयास कर रही है। पंजाब के धलेता गांव में गुरुघर की दीवार गिराए जाने की घटना पर आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरते हुए मायावती ने लिखा "पंजाब के धलेता गांव में जब गुरुघर की दीवार गिराई गई और संगत और बसपा ने आवाज उठाई, तो गिरफ्तारियां की गईं। लेकिन अंत में आम आदमी पार्टी की सरकार को झुकना पड़ा और गुरुघर का पुनर्निर्माण कराना पड़ा। ऐसे में समाज को भाजपा और आम आदमी पार्टी, दोनों की राजनीति से पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है।

तुगलकाबाद से धलेता गांव तक 'संत गुरु रविदास सम्मान यात्रा'

मायावती ने बहुजन समाज और समस्त गुरु-संगत से आह्वान किया कि वे भाजपा और आप के राजनीतिक छलावे में न आएं। उन्होंने 'संत गुरु रविदास सम्मान यात्रा' में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जो दिल्ली के तुगलकाबाद से शुरू होकर पंजाब के धलेता गांव तक पहुंचेगी। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास जी के 'बेगमपुरा' के आदर्शों, समानता, न्याय और पराधीनता-मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प को मजबूत बनाएं और गुरुघरों की धार्मिक गरिमा की रक्षा के लिए एकजुट रहें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article