देश

राहुल गांधी का नया लुक: हल्की दाढ़ी-छोटे बाल और सूट में पहुंचे कैंब्रिज, दिख रहे हैं कूल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 1, 2023, 11:32 AM IST

चरम सर्दी के दिनों में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लंबी दाढ़ी और आधी बाजू की सफेद टी-शर्ट के साथ राहुल गांधी का लुक चर्चा का विषय बन गया था। अब कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में उनका नया लुक फिर चर्चा के केंद्र में है।

Image

राहुल गांधी का नया लुक (PTI/twitter)

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने लुक और पहनाव से चर्चा में रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने नए लुक को लेकर फिर खबरों में हैं। महीनों तक लंबी दाढ़ी रखने के बाद अब राहुल बिल्कुल नए रूप में नजर आ रहे हैं। उनके इस कूल लुक की खूब चर्चा भी हो रही है। अब उनका अंदाज पूरी तरह बदला हुआ है।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लंबी दाढ़ी और हाफ टी-शर्ट

सर्दी के चरम दिनों में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लंबी दाढ़ी और आधी बाजू की सफेद टी-शर्ट के साथ राहुल गांधी का लुक चर्चा का विषय बन गया था। अब कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में उनका नया लुक एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। कैंब्रिज में लेक्चर देने के लिए राहुल गांधी की ब्रिटेन यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। इन तस्वीरों में उन्हें नीले रंग की शर्ट, लाल टाई और नीले-काले रंग के सूट में देखा जा सकता है। उन्होंने अपनी लंबी दाढ़ी और बाल छोटे कर लिए हैं जो उन्हें राजनीति में गंभीर रूप प्रदान करता था। कैंब्रिज में स्पीच के लिए उन्होंने नया लुक चुना है।

कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिया लेक्चर

राहुल गांधी ने विजिटिंग फेलो के तौर पर विश्वविद्यालय में '21वीं सदी में सुनना सीखना' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा, दो अलग-अलग विचारधाराओं और वैश्विक बातचीत के महत्व के बारे में बात की। वह 5 मार्च को लंदन में प्रवासी भारतीयों से भी बातचीत करेंगे और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी के व्यापारिक समुदाय के नेताओं के साथ बातचीत की एक सीरीज आयोजित करने की भी संभावना है।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल का लुक बदलता गया

पिछले साल 7 सितंबर से शुरू हुई 136 दिनों तक चले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के बदलते रूप पर व्यापक रूप से चर्चा हुई। यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई और 12 राज्यों से होते हुए जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी और इस दौरान 4,000 किमी से अधिक की दूरी तय की थी। जब राहुल गांधी ने यात्रा शुरू की, तो वे अपने सामान्य लुक में थे, क्लीन शेव और छोटे बालों वाले। लेकिन जैसे-जैसे दिन और यात्रा आगे बढ़ती गई, उनके बाल और दाढ़ी बढ़ती गई। इसे लेकर विपक्ष ने उनकी आलोचना भी की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने टिप्पणी की कि राहुल गांधी सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं।

असम के सीएम ने सद्दाम हुसैन से की तुलना

गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले अहमदाबाद में एक अभियान रैली में सरमा ने कहा था, मैंने कुछ दिन पहले एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा था कि राहुल गांधी के नए लुक से कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन अगर आपको अपना रूप बदलना ही है तो कम से कम वल्लभभाई पटेल या जवाहरलाल नेहरू जैसा बनाइए. गांधीजी की तरह दिखें तो और भी अच्छा, लेकिन अब आप सद्दाम हुसैन की तरह ज्यादा क्यों दिखते हैं? यही कारण है कि कांग्रेस नेताओं की कार्यशैली भारतीय संस्कृति के करीब नहीं है। वे हमेशा दूसरों की संस्कृतियों को अपनाने की कोशिश करते हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article