देश

ओडिशा: बेटी ने जाति से बाहर की शादी तो घर वालों ने मुंडवा लिया सिर

रायगढ़ के आदिवासी समुदाय में परंपरागत रूप से अंतर-जातीय विवाह निषिद्ध माने जाते हैं, और इनका पालन न करने पर सामाजिक बहिष्कार तक की चेतावनी दी जाती है। इसी के तहत परिवार वालों ने बेटी के जाति से बाहर शादी करने पर अपने सिर मुंडवा लिए।

Image

ओडिशा में 40 आदिवासी परिवार के सदस्यों ने सिर मुंडवाए (प्रतीकात्मक AI फोटो)

ओडिशा के रायगढ़ जिले में एक आदिवासी युवती द्वारा अन्य जाति व समुदाय के युवक से विवाह करने के बाद, लड़की के परिवार के लगभग 40 सदस्यों ने ‘शुद्धिकरण’ के तहत अपने सिर मुंडवा लिए। अधिकारियों ने बताया कि काशीपुर खंड के अंतर्गत गोरखपुर ग्राम पंचायत के बैगनगुड़ा गांव में बृहस्पतिवार को यह घटना हुई।

लड़की ने छुपकर कर ली शादी

यह मामला तब सामने में आया जब इस रस्म का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें पुरुष नजर आ रहे थे, जिन्होंने अपना सिर मुंडवाया हुआ था। सूत्रों ने बताया कि अनुसूचित जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखने वाली लड़की ने अपने परिवार की अनुमति के बिना अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति से शादी कर ली। इससे गांव के निवासी नाराज हैं।

गांववालों का फैसला

उन्होंने बताया कि अंतरजातीय विवाह के बाद गांव में एक बैठक की गई, जिसमें सुझाव दिया गया कि लड़की के परिवार के पुरुष सदस्य अपने सिर मुंडवा लें और स्थानीय देवता को बकरियों, मुर्गियों और सूअरों की बलि चढ़ाएं। रायगढ़ के आदिवासी समुदाय में अंतरजातीय विवाह पारंपरिक रूप से निषिद्ध है और जाति से बाहर विवाह करना वर्जित माना जाता है। सूत्रों ने बताया कि महिला के परिवार को कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी कि अगर वे सामुदायिक मानदंडों का पालन नहीं करेंगे तो उन्हें सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर दिया जाएगा।

प्रशासन की जांच में क्या निकला

उक्त मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने काशीपुर प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बिजय सोए को मामले की जांच करने और जिलाधिकारी को रिपोर्ट देने के लिए कहा है। सोए ने कहा कि उन्होंने दोनों पक्षों-लड़की और लड़के के परिवारों से मुलाकात की, जिन्होंने कहा कि उन्हें कोई शिकायत नहीं है और उन्होंने स्वेच्छा से रस्में निभाई थीं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें