क्रिकेट

माउंट मोनगानुई में टीम इंडिया के शर्मनाक प्रदर्शन ने बढ़ाई कोच गौतम गंभीर की चिंता, बल्लेबाजों पर जमकर भड़के

न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को माउंट मोनगानुई में पांच मैच की सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को 244 रन के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार ने टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की क्यों बढ़ा दी हैं चिंता?

Image

गौतम गंभीर (फोटो क्रेडिट BCCI)

(Yeमाउंट मोनगानुई: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय टीम के महज 89 रन पर सिमटने से मुख्य कोच गौतम गंभीर की चिंता बढ़ गई है क्योंकि यहां की परिस्थितियां अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप जैसी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को 244 रन की करारी शिकस्त के बाद गंभीर ने माना कि कम स्कोर से ज्यादा चिंता की बात यह है कि भारतीय टीम बहुत जल्दी आउट हो गई। उन्होंने कहा कि विश्व कप से पहले इस कमजोरी को दूर करना जरूरी है।

ये बात है चिंता का विषय

गंभीर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'जब आपकी टीम 90 रन के आसपास के स्कोर पर सिमट जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है। मैं चिंतित क्यों नहीं होऊंगा? यहां की परिस्थितियां विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों के काफी करीब होंगी। बड़ी चिंता रन बनाने की नहीं, बल्कि यह है कि हम महज 26-27 ओवर में ही ऑलआउट हो गए। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।'

भारतीय टीम ने मैच हेनरी के सामने टेके घुटने

न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे। इसके जवाब में मैट हेनरी की छह विकेट की शानदार गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम 26.4 ओवर में ही आउट हो गई। भारत को पिछले मुकाबले में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। बारिश से प्रभावित मैच में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 111 रन तक सात विकेट गंवा दिए थे। इन लगातार झटकों के बाद गंभीर ने स्विंग होती गेंदों का सामना करने के लिए तकनीकी और मानसिक तैयारी दोनों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजी के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण होते हैं। इसके विपरीत भारत में आमतौर पर पारी का शुरुआती दौर बल्लेबाजी के लिए सबसे आसान माना जाता है। गंभीर ने कहा,'अगर आप शुरुआती 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 35 या 40 रन बना लेते हैं तो यह भी अच्छा प्रदर्शन है। यहां शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजी के लिहाज से शायद सबसे मुश्किल समय होते हैं।'

पेसर्स के सामने अपनाना होगा ज्यादा स्पष्ट और निर्णायक रवैया

गंभीर ने यह भी कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों मैट हेनरी और काइल जैमीसन की गेंदों की लेंथ को लेकर अधिक स्पष्ट और निर्णायक रवैया अपनाना होगा। खासकर उन गेंदों पर बल्लेबाज असमंजस में पड़ जाते हैं, जिन पर उन्हें यह तय करने में परेशानी होती है कि आगे बढ़कर खेलना है या बैकफुट पर रहना है। गंभीर ने हेनरी की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा,'हेनरी ने रोहित को स्लिप में कैच कराया और फिर विराट तथा श्रेयस को अंदर की तरफ आने वाली गेंदों पर छकया। हमें यह सीखने की जरूरत है कि किस तरह लगातार विकेटों को निशाना बनाया जाए और बल्लेबाजों के पैड पर भी गेंदबाजी की जाए।'

विल यंग का कैच छूटना बना हार की वजह

गंभीर ने न्यूजीलैंड के शतकवीर विल यंग के कैच छोड़ने को भी हार की बड़ी वजह बताया। यंग ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए 125 रन की पारी खेली। उन्होंने कहा,'उन्हें दो जीवनदान मिले और उन्होंने उनका पूरा फायदा उठाया। अगर वे कैच पकड़ लिए जाते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।'

अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की किया बचाव

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के अनुभवहीन होने का बचाव करते हुए गंभीर ने कहा कि टीम को अनजान परिस्थितियों में खेलने से काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। उन्होंने युवा गेंदबाजों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अपने प्रदर्शन पर गर्व है। गंभीर ने कहा,'मुझे सभी खिलाड़ियों पर गर्व है। अच्छे दिन भी आते हैं और बुरे दिन भी। इस तरह के दिन भी आएंगे, क्योंकि इन्हीं से आप सीखते हैं। गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी होने पर कप्तान और सहयोगी स्टाफ के लिए भी चीजें चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे में आपको मैदान पर ही सीखना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि खिलाड़ी बिना किसी अनुभव के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं। लेकिन जब आपके गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी हो और आप बिल्कुल अलग परिस्थितियों में खेल रहे हों तो चुनौतियां बढ़ जाती हैं। इसके बावजूद इस वनडे शृंखला में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उस पर सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि हम सभी को गर्व होना चाहिए।'

क्यों दिया मोहम्मद सिराज की जगह कुलदीप यादव को मौका

गंभीर ने मोहम्मद सिराज की जगह कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को टीम में शामिल करने के फैसले पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि टीम को लगा था कि बड़े मैदान पर स्पिनर ज्यादा उपयोगी साबित होगा और मध्य ओवरों में विकेट लेने का बेहतर विकल्प मिलेगा। बड़ी हार के बावजूद गंभीर ने शृंखला के निर्णायक मुकाबले में टीम की वापसी का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के पास वापसी करने के लिए पर्याप्त अनुभव और क्षमता है। भारतीय कोच ने कहा,'मुझे पूरा भरोसा है कि खिलाड़ी अगले मैच में मजबूती से उतरेंगे। यह जरूरी है कि इस हार का उन्हें दर्द महसूस हो। मेरा हमेशा मानना रहा है कि इस तरह के प्रदर्शन के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को निराशा महसूस होनी चाहिए। अगर उन्हें इस हार का दर्द है तो वे निश्चित रूप से मजबूती से वापसी कर सकते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article