Prashant Kishor: कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के फोन टैप किए जाने के दावे के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि फोन टैपिंग एक सच्चाई है। राहुल गांधी के इस दावे पर कि प्रधानमंत्री उनका फोन टैप करवा रहे हैं, किशोर ने कहा, फोन टैप पहले भी होता रहा है। पेगासस में लिस्ट जारी हुई थी और उसमें मेरा भी नाम था। कई सारे लोगों का फोन टैप होता है। यह सच्चाई है और लोगों को मानकर रहना होगा कि फोन टैप होता है।
पीएम मोदी बिहार की बाढ़ समस्या पर बताएं प्लान
इसके साथ ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पीएम मोदी के आगामी बिहार दौरे पर भी अपनी बात रखी। किशोर ने कहा, प्रधानमंत्री आ रहे हैं, वो आएं (बिहार) लेकिन मैंने पहले भी कहा है और फिर कह रहा हूं कि मेरी अपेक्षा है कि प्रधानमंत्री जब यहां आ रहे हैं तो सड़क और ट्रेन के अलावा यहां की जो मूलभूत समस्या है; खासकर अभी-अभी बाढ़ से बिहार उभरा है, 50 लाख लोग 2 महीने बाढ़ से परेशान थे और भाजपा ने, मोदी जी ने और अमित शाह ने कहा था कि अगर भाजपा की सरकार बनेगी तो बाढ़ से हम लोग को मुक्ति मिल जाएगी; तो प्रधानमंत्री को 21 तारीख को वो प्लान देना चाहिए कि बिहार को बाढ़ से मुक्ति कब मिलेगी...दो मूलभूत बातों पर प्रधानमंत्री को जरूर जवाब देना चाहिए। बाढ़ की समस्या से बिहार को निजात कब मिलेगी और यहां पर शिक्षा रोजगार कब सुधरेगा ताकि यहां पलायन बंद हो। इस पर प्रधानमंत्री को बोलना चाहिए।
राहुल गांधी का फोन टैपिंग का आरोप
बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना फोन टैप कराने का गंभीर आरोप लगाया है। अपने एक वीडियो में राहुल ने कहा कि कौन देश विरोधी है और किसके पीछे विदेशी हाथ है, यह सब आमने-सामने की बहस में साफ हो जाएगा। राहुल ने कहा कि फोन टैपिंग के सारे सबूत उनके फोन में हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम जिसे चाहे जज बन सकते हैं। वह संसद में मेरा माइक बंद करा देते हैं।
