देश

चार दिन तक फ्रांस में रोका गया विमान 276 यात्रियों संग मुंबई लौटा, लेकिन वापस नहीं आए 27 यात्री

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 26, 2023, 12:11 PM IST

दुबई से निकारागुआ जा रही और रोमानिया की कंपनी लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ान को बृहस्पतिवार को तकनीकी पड़ाव के लिए वैट्री हवाई अड्डे पर रोका गया था...

Image

फ्रांस में रोका गया विमान मुंबई लौटा

Photo : ANI

Flight Returned to India: मानव तस्करी के संदेह के कारण फ्रांस में चार दिन रोक कर रखा गया विमान 276 यात्रियों को लेकर मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचा। इस विमान में अधिकतर भारतीय नागरिक सवार थे। एक अधिकारी ने बताया कि एयरबस ए340 विमान तड़के चार बजे के कुछ ही समय बाद मुंबई पहुंचा। विमान ने स्थानीय समयानुसार देर रात करीब ढाई बजे वैट्री हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

जज के सामने पेश किया गया

फ्रांसीसी प्राधिकारियों के अनुसार, जिस विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी, उसमें 276 यात्री सवार थे। दो नाबालिगों सहित 25 लोगों ने फ्रांस में शरण के लिए आवेदन किया है और वे अभी फ्रांस में ही हैं। फ्रांस के एक समाचार चैनल ने बताया कि दो अन्य यात्रियों को न्यायाधीश के सामने पेश किया गया और उन्हें सहायता प्राप्त गवाह का दर्जा दिया गया। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया है जब विमान वैट्री हवाई अड्डे पर उतरा था, तब उसमें 303 भारतीय नागरिक सवार थे जिनमें से 11 नाबालिगों के साथ कोई नहीं था। अधिकारी ने बताया था कि रोक कर रखे गए विमान में सवार यात्रियों के लिए अस्थायी बिस्तरों की व्यवस्था की गई थी, उन्हें शौचालय का इस्तेमाल करने एवं नहाने की सुविधा दी गई थी और उन्हें वैट्री हवाई अड्डा परिसर में भोजन और गर्म पेय उपलब्ध कराया गया था।

वैट्री एयरपोर्ट पर रोक गया था

दुबई से निकारागुआ जा रही और रोमानिया की कंपनी लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ान को बृहस्पतिवार को तकनीकी पड़ाव के लिए वैट्री हवाई अड्डे पर रोका गया था, तभी फ्रांसीसी पुलिस ने हस्तक्षेप किया। फ्रांसीसी अधिकारियों ने यात्रा की शर्तों और उद्देश्य की न्यायिक जांच शुरू की और संगठित अपराध की जांच में विशेषज्ञता रखने वाली एक इकाई ने मानव तस्करी संदेह को लेकर जांच की।

दो यात्री बने सहायक गवाह

एक फ्रांसीसी समाचार चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, दो अन्य लोगों को पकड़कर न्यायाधीश के सामने पेश किया गया और उन्हें रिहा कर दिया गया और उन्हें सहायक गवाह का दर्जा दिया गया। फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक, कुछ यात्री हिंदी और कुछ तमिल बोल रहे थे। रविवार को विमान को रवाना होने के लिए मंजूरी मिलने के बाद फ्रांसीसी जजों ने प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण यात्रियों की सुनवाई रद्द करने का फैसला किया।

इसलिए निकारागुआ जाते हैं लोग

अमेरिका में शरण चाहने वालों के लिए निकारागुआ एक लोकप्रिय गंतव्य बन गया है। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा गश्ती (सीबीपी) द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2023 में 96,917 भारतीयों ने अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास किया और यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 51.61 प्रतिशत अधिक है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article