देश

26/11 हमला: तहव्वुर राणा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने दाखिल किया आरोप पत्र, कनाडा से कनेक्शन

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 26, 2023, 07:43 AM IST

मई 2023 को कैलिफोर्निया की अमेरिकी अदालत ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मामले में पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी थी।

Image

तहव्वुर राणा

Photo : ANI

Tahawwur Rana: मुंबई पुलिस ने नवंबर 2008 में महानगर में हुए आतंकवादी हमलों में संलिप्तता के लिए पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर राणा के खिलाफ सोमवार को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष आरोप पत्र दाखिल किया। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा द्वारा अदालत की रजिस्ट्री के समक्ष 400 पन्नों से अधिक का आरोपपत्र पेश किया गया था। राणा फिलहाल अमेरिका में हिरासत में है।

भारत प्रत्यर्पण को मिल चुकी है मंजूरी

एक सरकारी वकील ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज मंगलवार को विशेष अदालत के समक्ष आने की संभावना है। देश के लिए एक बड़ी जीत में एक अमेरिकी अदालत ने मुकदमे का सामना करने के लिए मई में 62 वर्षीय राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी। मुंबई में 2008 के आतंकवादी हमलों में छह अमेरिकियों सहित कुल 166 लोग मारे गए थे। देश की आर्थिक राजधानी में 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण स्थानों पर एक साथ हमला किया था।

मई 2023 को कैलिफोर्निया स्थित एक अमेरिकी अदालत ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मामले में वांछित पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी थी। 10 जून, 2020 को भारत ने प्रत्यर्पण के मद्देनजर 62 वर्षीय राणा की अस्थायी गिरफ्तारी की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। बाइडन प्रशासन ने राणा के भारत प्रत्यर्पण का समर्थन किया था और उसे मंजूरी दी थी।

कैलिफोर्निया के मध्य जिले की जिला अदालत की न्यायाधीश जैकलीन चूलजियान ने 16 मई को 48 पेजके आदेश में कहा था- न्यायालय ने अनुरोध के समर्थन और विरोध में प्रस्तुत सभी दस्तावेजों की समीक्षा की है और उन पर तथा सुनवाई में प्रस्तुत तर्कों पर विचार किया है। अदालत का निष्कर्ष है कि राणा उन अपराधों के लिए प्रत्यर्पण योग्य है जिनमें उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया गया है।

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमलों (Mumabi Attack) में भूमिका को लेकर भारत द्वारा प्रत्यर्पण का अनुरोध किए जाने पर राणा को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। (Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article