शहर

NEET-PG परीक्षा से एक दिन पहले थमी 26 वर्षीय अभ्यर्थी की जिंदगी, हॉस्टल के कमरे में मिला शव; सुसाइड नोट में डिप्रेशन का जिक्र

Hyderabad News: हैदराबाद में NEET-PG परीक्षा से ठीक एक दिन पहले 26 वर्षीय महिला मेडिकल अभ्यर्थी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला निजी हॉस्टल में रहकर करीब सात महीने से परीक्षा की तैयारी कर रही थी और शनिवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।

Image

सात महीने से NEET-PG की तैयारी कर रही थी 26 वर्षीय अभ्यर्थी (प्रतीकात्मक फोटो)

Hyderabad News: हैदराबाद में नीट-पीजी (NEET-PG) परीक्षा से एक दिन पहले 26 वर्षीय महिला अभ्यर्थी की कथित तौर पर आत्महत्या से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका आंध्र प्रदेश की रहने वाली थी और MBBS की पढ़ाई पूरी करने के बाद पिछले करीब सात महीनों से NEET-PG परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रविवार को उसे परीक्षा में शामिल होना था।

सुसाइड नोट इस चीज का हुआ खुलासा

पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, महिला एक प्राइवेट हॉस्टल में रह रही थी। शनिवार को उसने कथित तौर पर किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में उसने लिखा था कि वह इंटरमीडिएट यानी 11वीं-12वीं कक्षा के समय से ही डिप्रेशन से जूझ रही थी।

पिता से फोन पर बातचीत हुई

हालांकि, नोट में NEET-PG परीक्षा को लेकर किसी तरह का जिक्र नहीं किया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला डिप्रेशन के लिए दवाएं भी ले रही थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव और डिप्रेशन से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह महिला की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। पिता ने उससे कहा था कि वे उससे मिलने आएंगे और अगले दिन उसे परीक्षा केंद्र तक लेकर जाएंगे।

पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई

बताया जा रहा है कि इसके बाद जब पिता ने कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने हॉस्टल कर्मचारियों से कमरे में जाकर देखने को कहा। हॉस्टल स्टाफ ने महिला को कमरे में बेहोशी की हालत में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article